Kanpur Crime: खेत की रखवाली कर रहे किसान का मिला शव, जांच में जुटी पुलिस, लगाए जा रहे ये अनुमान
कानपुर में खेत की रखवाली कर रहे किसान का मिला शव
कानपुर, अमृत विचार। घाटमपुर थानाक्षेत्र के रहमपुर गांव के किनारे खेत की रखवाली करने गए किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अनुमान लगाया जा रहा है कि किसान ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान दी है। सुबह किसान का शव खेत में बने मचान में मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम जांच में जुट गई है। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
घाटमपुर थानाक्षेत्र के रहमपुर गांव निवासी रामप्रसाद 50 वर्ष जो खेती किसानी करके अपने परिवार का भरण पोषण करते थे। घर पर उसकी पत्नी पुष्पा व दो बेटे मनीष और सोनू के अलावा एक बेटी थी जिसकी शादी हो चुकी है। पत्नी पुष्पा ने बताया कि देर शाम रोज की तरह खाना खाकर घर से खेतों की रखवाली करने व लेटने को निकले थे।
बीते दिनों अन्ना मवेशियों ने खेत में बोई पालक की फसल चर डाली थी। जिससे वह परेशान रहे थे। शुक्रवार को सुबह ग्रामीणों ने किसान का शव खेत में बने मचान पर पड़ा देखा तो परिजनो और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर परिजन पहुंचे तो पास में डाई के साथ शराब और कोल्ड ड्रिंक्स की बोतल पड़ी थी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटना की जांच कराने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना के बाद से परिजनो का रो रोकर बुरा हाल था। घाटमपुर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना की जांच की जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- Kanpur News: फ्लोटिंग रेस्टोरेंट क्रूज में मौज मस्ती कर सकेंगे शहरवासी...केडीए बोर्ड ने स्वीकृत किया प्रस्ताव
