Bareilly News: शूटिंग रेंज में लगे उपकरणों की जांच में सहयोग करेगा विशेषज्ञ दल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उत्तर प्रदेश स्टेट राइफल एसोसिएशन ने प्रशासन को दिया पुन: जांच करने का सुझाव

demo image

बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत किए गए राइफल क्लब के पुनर्निर्माण में खराब उपकरण लगाने व घटिया हथियार खरीदने का मामला एक बार फिर बाहर आ गया। 

उत्तर प्रदेश स्टेट राइफल एसोसिएशन की ओर से प्रशासन को एक बार फिर उपकरणों की जांच करने का सुझाव दिया गया है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अनुसार प्रशासन की जांच में सहयोग के लिए एसोसिएशन की ओर से एक विशेषज्ञ दल भेजा जाएगा। इसके बाद भौतिक निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंपी जाएगी।

पदाधिकारियों के अनुसार उत्तर प्रदेश में अब तक अंतर्राष्ट्रीय मानक वाली शूटिंग की कमी है, जिसको बरेली में बनी शूटिंग रेंज ने पूरा किया। उत्तर प्रदेश स्टेट राइफल क्लब के महासचिव जीएस सिंह ने बताया कि निशानेबाजों के प्रदर्शन को बेहतर करने के उद्देश्य से एसोसिएशन की ओर से लगातार प्रतियोगिताएं कराई जा रही हैं। 

बरेली राइफल क्लब में बनी शूटिंग रेंज एयर पिस्टल के साथ ही शॉटगन शूटिंग के लिए मुफीद मानते हुए तैयार की गई है। उन्होंने बताया कि शूटिंग रेंज बनने व उपकरणों की खरीद के दौरान शिकायत हुई थी कि उपकरण स्थानीय कंपनियों से खरीद कर आईएसएसएफ के मानकों की अवहेलना की गई है। इस मामले में जनवरी में हुई बैठक के दौरान भी चर्चा की गई। इसके लिए पांच सदस्यीय टीम की ओर से भौतिक निरीक्षण कर जांच करने पर सहमति बनी, लेकिन स्थानीय प्रशासन की ओर से लोकसभा चुनाव के चलते अनुमति नहीं मिलने से जांच नहीं हो पाई। 

उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा संशोधित किए गए आर्म्स एक्ट में भी शूटिंग रेंज के सत्यापन के लिए स्टेट एसोसिएशन से सत्यापन कराने का जिक्र है, जिसके आधार पर प्रशासनिक अधिकारियों से पत्राचार किया गया। अब खिलाड़ियों के हित को प्राथमिकता में रखते हुए जिला प्रशासन की ओर से एसोसिएशन के सुझाव पर चर्चा करनी चाहिए।

ये भी पढ़ें- बरेली: महिला ने फांसी लगाकर किया सुसाइड, परिवार में मचा कोहराम

 

संबंधित समाचार