कानपुर के GSVSS PGI आने वाले मरीजों के लिए अच्छी खबर...अब नहीं जाना होगा दूसरे अस्पताल, डायलिसिस की चार अत्याधुनिक मशीनें आईं
कानपुर में जीएसवीएसएस पीजीआई में होगी डायलिसिस
कानपुर, अमृत विचार। जीएसवीएसएम सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल एंड पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट में किडनी से संबंधित नेफ्रोलॉजी विभाग होने के बावजूद डायलिसिस की सुविधा नहीं थी। इस कारण मरीजों को डायलिसिस के लिए हैलट या अन्य अस्पतालों का रुख करना पड़ता था, लेकिन अब इस समस्या का समाधान हो गया है। सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में मरीजों को डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए चार मशीनें आ गई हैं।
जीएसवीएसएस पीजीआई के नेफ्रोलॉजी विभाग की ओपीडी में प्रतिदिन औसतन 40 और हैलट के मेडिसिन विभाग में औसतन 30 मरीज किडनी की समस्या लेकर पहुंचते है। इनमें कुछ मरीजों को डायलिसिस की जरूरत होती है। लेकिन जीएसवीएसएस पीजीआई में डायलिसिस की सुविधा नहीं होने के कारण मरीजों को मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग में भेजा जा रहा था।
अब जल्दी ही मरीजों को पीजीआई में ही डायलिसिस की सुविधा मिलने लगेगी। पीजीआई में चार आधुनिक डायलिसिस मशीनें शासन से आई हैं। इनकी स्थापना होने के बाद मरीजों को डायलिसिस की सुविधा मिलेगी। आईसीयू में भर्ती मरीजों की भी किडनी की जांच हो सकेगी। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. संजय काला ने बताया कि पीजीआई में चार डायलिसिस मशीनें आई हैं, इनके इंस्टॉल होते ही लाभ मरीजों को मिलने लगेगा।
आधुनिक जीवनशैली व गलत खानपान का किडनी पर असर
नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. समीर गोविल ने बताया कि किडनी खून को साफ करने के साथ ही शरीर से टॉक्सिन्स निकालने में भी मदद करती है। लोगों में आधुनिक जीवनशैली और खानपान की गलत आदतों की वजह से किडनी संबंधित समस्या बढ़ रही है।
ये भी पढ़ें- Kanpur Weather News: लू के थपेड़ों से शहर को नहीं मिल रही निजात...मौसम विभाग ने किया ये अलर्ट
