Unnao Murder: ट्रैक्टर निकालने के विवाद में हुआ खूनी संघर्ष, एक की मौत व आठ घायल
उन्नाव में युवक की हत्या से फैली सनसनी
उन्नाव, अमृत विचार। अजगैन कोतवाली अंतर्गत नया खेड़ा गांव में पुरानी खुन्नस के चलते शुक्रवार को दरवाजे से ट्रैक्टर निकालने पर दो पक्षों में हुई कहासुनी खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई। लाठी-डंडों व कुल्हाड़ी से हुई मारपीट में आठ लोगों को चोटें आईं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराते हुए उनका मेडिकल कराया। मारपीट में शामिल एक अधेड़ के सिर पर आई गंभीर चोटों को देख उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान शनिवार दोपहर उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने मामले में छह लोगों पर रिपोर्ट दर्ज करते हुए कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।
बता दें कि नयाखेड़ा गांव में दीपू (51) पुत्र रामलाल गांव के ही एक व्यक्ति का ट्रैक्टर चलाता था। शुक्रवार रात गांव के राजकुमार से किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद दोनों में गाली-गलौज हो गई। विवाद देख दोनों पक्षों से परिजन पहुंच गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।
लाठी-डंडों के साथ दोनों ओर से कुल्हाड़ी चलने लगी। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी तो पीआरवी पहुंची और मामले को शांत कराया। मारपीट में घायल हुए राजकुमार, रूपराम, मधु व सुनीता का पुलिस ने मेडिकल कराकर सीएचसी में भर्ती कराया।
वहीं दूसरे पक्ष से घायल शिवानी, भोला व मीरा को भी चोटें आईं। इन लोगों ने बताया कि रात करीब नौ बजे मारपीट के बाद से दीपू गायब है। विपक्षियों ने उसे गायब कर दिया था। इस पर पुलिस ने उसकी तलाश भी लेकिन वह नहीं मिला।
शनिवार सुबह वह घर के पास घायल पड़ा मिला तो उसका भी मेडिकल करा जिला अस्पताल भेजा गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। घरवालों का आरोप है कि रात भर उसे विपक्षियों ने मारा औऱ मरणासन्न हालत में उसे छोड़ गए। यदि रात में वह मिल जाता तो उसकी जान बच जाती।
एसएचओ अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हुई है। मामले में राजकुमार उर्फ कोकी, टिकाई, विकास, महेश व करन सहित छह के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
ये भी पढ़ें- Unnao News: घनघनाते रहे अफसरों के फोन, होता रहा अवैध खनन...रोक के बाद भी खुद गई सैकड़ों डंपर मिट्टी
