लखनऊ: आलमनगर रेलवे स्टेशन पर कोयला लदी मालगाड़ी में लगी आग, मची अफरा-तफरी
लखनऊ, अमृत विचार। झारखण्ड के बोकारो से सहारनपुर जा रही कोयले से लदी मालगाड़ी की एक रेक में शनिवार सुबह आग लग गई। कोयला लेकर मालगाड़ी पश्चिमी यूपी के पावर प्लांट पर जा रही थी। आलमनगर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर मालगाड़ी के एक रेक से धुंआ निकलने के बाद आग लग गई। आनन-फानन फायर स्टेशन आलमबाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों से आग पर काबू पाई।
एफएसओ आलमबाग ने बताया कि बोकारो से कोयले की सप्लाई होती है, जो पश्चिमी यूपी भेजा जाता है। यहां बिजली पैदा करने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। शनिवार सुबह करीब पौने दस बजे आलमनगर स्टेशन से कंट्रोल को सूचना दी गई कि बोकारो से सहारनपुर के कालानौर जा रही मालगाड़ी में आग लग गई। मालगाड़ी में कोयला लदा था। रेलवे स्टेशन प्रशासन की ओर से तत्काल आलमबाग फायर स्टेशन को सूचना दी गई।
इस बीच मालगाड़ी आलमनगर के लाइन नंबर आठ पर लगाई गई। ट्रेन के रेक नंबर 62088 से लपटें उठ रही थी। हौज पाइप बिछाकर फायर टैंकर से पम्पिंग कर आग बुझाई गई। कोयले का कुछ अधिक नुकसान नहीं हुआ। आग बुझने के बाद जांच-पड़ताल कर मालगाड़ी को आगे सहारनपुर के लिए रवाना कर दिया गया।
यह भी पढ़ें: लखनऊ: नैनीताल बैंक बेचने के विरोध में हड़ताल, अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
