यूपी में निवेश का बेहतर माहौल, बोले ब्रजेश पाठक
वन ट्रिलियन एकोनॉमी की ओर बढ़ते प्रदेश में कारोबार, उद्योगों के लिए हैं विश्वस्तरीय सुविधाएं
लखनऊ, अमृत विचार। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि अब यूपी में निवेश का बेहतर माहौल है। कारोबार और उद्योगों को बढ़ाने के लिए उत्तर प्रदेश अब व्यापारियों के लिए सर्वोत्तम जगह बन चुका है। प्रांत वन ट्रिलियन एकोनॉमी की ओर तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में विदेश से आए प्रतिनिधि बिना किसी चिंता के प्रदेश में निवेश कर सकते हैं। निवेशकों को आमंत्रित करते हुए उनके समक्ष उप मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास कार्यों की नई तस्वीर रखी। कहा कि अब यहां विश्वस्तरीय सुविधाएं हैं। कारोबार के लिए सरल प्लेटफार्म है। हवाई अड्डों की बढ़ती श्रृंखला है।
ब्रजेश पाठक शनिवार को होटल क्लार्क्स अवध में आयोजित उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड इंटरनेशनल बिजनेस कान्क्लेव में बोल रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने दीप प्रज्जवलन कर दो दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने आए हुए विदेशी प्रतिनिधियों का सम्मान किया। इस मौके पर लखनऊ उत्तर क्षेत्र के विधायक डॉ. नीरज बोरा भी मौजूद रहे। सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने कहा कि हम वैश्विक व्यापार के नए युग की ओर बढ़ रहे हैं। कान्क्लेव में विदेशी प्रतिनिधियों ने माना कि यूपी व्यापार की नई राह खोलेगा।
बोले देशों के प्रतिनिधि- यह कान्क्लेव खोलेगा प्रदेश में व्यापार के नए अवसर
कान्क्लेव में विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधियों ने अपने-अपने देश के आयात-निर्यात के अवसरों के बारे में जानकारी साझा की। ईरान से आए राजदूत इराज इलाही ने इस आयोजन से उत्तर प्रदेश में व्यापार की राह आसान होगी और व्यापार के नए अवसर खुलेंगे।
क्यूबा तक पहुंचे लखनऊ की चिकनकारी
क्यूबा के चार्ज डी अफेयर्स अबेल अबाले ने भारत और क्यूबा के बीच के रिश्तों का जिक्र किया। कहा कि यह अवसरों की भूमि है। क्यूबा और भारत के बीच अच्छे बेहतर व्यापारिक रिश्ते हैं। लखनऊ चिकनकारी और जैविक कपड़ों के मामले में अग्रणी है। इस पर भी कारोबारी विचार आगे बढ़ाए जा सकते हैं।
कारोबार कराएगा श्रीलंका से रिश्ते प्रगाढ़
श्रीलंका के हाई कमिश्नर सेनुका धीरेनी सेनेवी रत्ने ने पुराने रिश्तों की दुहाई दी। उन्होंने कहा कि भारत ने हमेशा श्रीलंका के साथ व्यापारिक रिश्तों के प्राथमिकता दी है। हम इसका स्वागत करते हैं। कारोबारी रिश्तों को और प्रगाढ़ करने पर बल दिया। इस कान्क्लेव में 25 देशों के राजदूतों और अन्य प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। सभी देशों के प्रतिनिधियों ने प्रदेश में व्यापार करने की इच्छा जताई और निवेश के लिए आश्वस्त किया।
उद्योगों और द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा देने के लिए यह एक महत्वपूर्ण पल
एसोसिएट चैंबर के अध्यक्ष ई. डीपी सिंह ने कहा कि उद्योगों और द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा देने के लिए यह है एक महत्वपूर्ण पल है। सचिव रमेश मलहोत्रा ने कारोबार के लिए उत्तम मार्ग प्रशस्त किए जाने पर बल दिया। इस दौरान मनीष ने सभी आगंतुकों का स्वागत किया। एसोसिएटेड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ऑफ उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल बिजनेस कान्क्लेव-2024 के माध्यम से कारोबारी दिग्गज और हितधारकों को मंच उपलब्ध कराया गया। सभी उपस्थित देशों को उत्तर प्रदेश में आयात निर्यात से संबंधित सभी विषयों पर आश्वासन दिया गया।
इन देशों के प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा
म्यामांर, लिशेथो, सेशेल्स, इथोपिया, ईरान, उजबेकिस्तान, सूरीनाम, क्यूबा, केन्या, अल सल्वाडोर, मंगोलिया, इक्वाडोर, श्रीलंका, फिजी, वियतनाम, पेरू, मॉरीशस, जांबिया, तजाकिस्तान, लाओस पीडीआर, रिपब्लिक ऑफ कांगो, घाना, छाड, इंडोनेशिया, मालदीव, ऑस्ट्रिया, उगांडा, रवांडा आदि देशों के राजदूत, ट्रेड काउंसलर, हाई कमिश्नर, इकॉनोमिक काउंसलर, प्रथम सचिव समेत कई बिजनेस पुरोधा मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: लखनऊ: नैनीताल बैंक बेचने के विरोध में हड़ताल, अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
