सीतापुर: अभियुक्तो की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनों पैदल ही सीएम से मिलने निकले
सीतापुर,अमृत विचार। कोतवाली बिसवां अन्तर्गत सांडा चौकी क्षेत्र में चौकी से चंद कदमों की दूरी पर 25 मई को प्रेम प्रसंग के चलते युवक का शव मिलने के मामले में हत्या का केस दर्ज होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनों सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने सीएम योगी से मिलने को लेकर पैदल कूच कर दिया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम बिसवां ने परिजनों ने बातचीत कर जल्द कार्रवाई का आश्वासन देकर नाराज ग्रामीणों को शान्त कराया। जिसके बाद तहसीलदार ने परिजनों का ज्ञापन लेकर ग्रामीणों को वापस रवाना कर दिया।
मालूम हो कि सांडा निवासी इमरान का बीती 25 मई को अपने ही घर के पास पेड़ से लटकता शव मिलने पर इमरान के परिजनों ने लड़की के पिता समेत चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। जिसमें अभी तक कोई कार्यवाही न होने पर पीड़ित परिवार के साथ सैकड़ों क्षेत्रीय लोग मुख्यमंत्री संबोधित ज्ञापन लेकर मुख्यमंत्री से मिलने के लिये सड़क पर पैदल निकल पड़े। पैदल निकलने की जानकारी मिलते ही मौके पर तहसीलदार उमाशंकर त्रिपाठी कोतवाल बिसवां अनिल सिंह के साथ भारी पुलिस बल पीड़ित परिवार के बीच पहुंचकर ज्ञापन लेकर परिजनों को समुचित कार्यवाही किये जाने को लेकर समझाकर घर को वापस भेज दिया।
पुलिस कस्टडी से फरार होने के बाद मिला था शव
मालूम हो कि मृतक इमरान इलाके की एक युवती को अपने साथ प्रेम प्रसंग के चलते भगा कर ले गया था। बताया जाता है कि मृतक युवक इमरान पुलिस की कस्टडी से फरार होने के बाद उसका शव घर से पीछे मिला था। वारदात के दिन परिजनों ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाये थे।
ये भी पढ़ें -एटा में भीषण सड़क हादसा, 3 की मौत-ट्रैक्टर से भिड़ी कार
