लखनऊ: थूक से मसाज करने वाला सैलूनकर्मी गया जेल, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। सैलून में ग्राहक के चेहरे पर थूक से मसाज लगाने वाले आरोपी मो. जैद को सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने रविवार को जेल भेज दिया। उसके खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई। उसके इस कृत्य का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर शनिवार देर रात को गिरफ्तार किया था।

उन्नाव के सराय निवासी आशीष कुमार ने पुलिस को बताया था कि वह पृथ्वीपुर में एक कैंटीन में काम करते है। वह कैंटीन के पास ही मो. जैद के सैलून में शेविंग कराने गये थे। यहां जैद ने शेविंग के बाद हाथ में थूक लगाकर मसाज कर दी थी। उन्हें शक हुआ तो विरोध जताते हुए उन्होंने वीडियो फुटेज निकलवायी। इस फुटेज में जैद की हरकत कैद हुई थी।

बताया जाता है कि आशीष के विरोध करने पर जैद ने उसे धमकाया भी था। एडीसीपी दक्षिणी शशांक कुमार सिंह ने बताया कि आरोपित जैद को गिरफ्तार कर लिया गया है। जैद ने पुलिस के सामने अपनी करतूत के लिये माफी मांगी। वह पुलिस के सामने गिड़गिड़ाता रहा कि उसे छोड़ दिया जाये। उसने पुलिस को यह कहकर बरगलाने की कोशिश भी की कि उससे गलती से ऐसा हो गया। जब उससे कहा गया कि फुटेज में साफ दिख रहा है कि उसने हाथ पर थूक लगाकर मसाज की है। इस पर वह चुप हो गया।

यह भी पढ़ें:-ग्रामीण बिजली फीडर पर शहरी दर से बिलिंग का आदेश जनता की कमर तोड़ने की साजिश: अखिलेश यादव

संबंधित समाचार