सीतापुर: चलती मालगाड़ी के डिब्बे में लगी आग, लाखों रुपयों की कीमत का सामान जलकर राख
तालगांव/सीतापुर, अमृत विचार। थाना इलाके में दिल्ली से चलकर बिहार प्रान्त के आजाद नगर जा रही मालगाड़ी के एक कोच में रविवार देर रात अचानक आग लग गई। ट्रेन जब जिले के टप्पा खजुरिया स्टेशन से गुजर रही तभी स्टेशन मास्टर की नजर मालगाड़ी की एक बोगी पर पड़ी जिसमें से धुआं निकल रहा था। स्टेशन मास्टर ने मामले की सूचना कंट्रोल रूम सहित फायर ब्रिगेड को दी। अधिकारियों के निर्देश पर मालगाड़ी अगले रेलवे स्टेशन परसेंडी पर रुकवाकर कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार मालगाड़ी के बोगी में आग इतनी भयंकर लगी थी कर्मचारियों के कड़ी मशक्कत के लगभग 8 घंटे के बाद आग पर काबू पाया जा सका। मालगाड़ी की बोगी में मोबिल आयल, बिजली के पंखे, बच्चों के खिलौने, दवाइयां, जूते आदि अन्य सामान लोड था। भीषण आग से बोगी में रखा कुछ सामान बचाया जा सका और अधिकतर सामान जलकर राख हो गया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि लाखों का सामान जलकर बर्बाद हो चुका है।
इस मौके पर डीसीआई आर के बांगर, सीनियर डीसीएम नीतू सिंह लखनऊ, ट्रैफिक इंस्पेक्टर श्रवण कुमार, परसेंडी स्टेशन मास्टर अरविन्द अग्निहोत्री, आरपीएफ इंस्पेक्टर, सीतापुर , टप्पा खजूरिया , परसेंडी, रमईपर स्टेशन के गैंगमैन सहित भारी संख्या में कर्मचारी व पुलिस बल ने मौजूद रहकर आग की स्थिति पर काबू पाया।
यह भी पढ़ें:-UP News: राज्यपाल ने खारिज की 31 दया याचिकाएं, 14 स्वीकार, 1 जनवरी से अब तक दया के लिए 45 आवेदन पहुंचे
