शाहजहांपुर: तीन घरों में आग से सात परिवार तबाह, नगदी सहित 15 लाख का सामान खाक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कोल्हूगाढ़ा गांव में सोमवार दोपहर दो बजे अचानक लगी आग

खुटार, अमृत विचार। खुटार के गांव कोल्हूगाढ़ा में सोमवार दोपहर करीब दो बजे तीन घरों में अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में घर में रखा सारा घरेलू सामान और नगदी सहित 15 लाख का सामान जलकर राख हो गया। आग से सात परिवार पूरी तरह से तबाह हो गए हैं। यह आग कैसे लगी। इसकी जानकारी पीड़ितों को नहीं हो पाई। सूचना पर पुलिस और दमकल टीम ग्रामीणों के साथ आग बुझाने में जुटी रही। करीब ढाई घंटे बाद आग पर काबू पा लिया गया।

गांव कोल्हूगाढ़ा में रहने वाले रमन बिहारी सक्सेना के घर सोमवार दोपहर दो बजे अचानक आग लग गई। तेज हवा और गर्मी के चलते आग फैलती चली गई। उनके पड़ोस में रहने वाले रामाधार, रामविलास, उत्तम, रामपाल, कमल कुमार, ध्रुव कुमार के घर को आग ने पकड़ लिया। सभी के घर में छप्पर, टीन शेड पड़ी थी और पन्नी से ढके थे।

भीषण आग लगने से भगदड़ मच गई और चारों ओर चीख पुकार सुनकर भारी संख्या में लोग दौड़ पड़े। गांव के लोगों ने घर में फंसे लोगों को आग की चपेट में आने से बचाया और बमुश्किल कुछ दूरी पर ले जाकर सुरक्षित किया।

इसके बाद ट्रैक्टर से स्प्रे मशीन लेकर लोग पहुंच गए। जहां आग बुझाना शुरू किया। साथ ही पंपिंग सेट इंजन, नलों से पानी ले जाकर आग बुझाने में जुट गए। घटना की जानकारी पाकर थानाध्यक्ष संजय कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। थोड़ी देर बाद दमकल टीम भी पहुंच गई। टीमों ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पा लिया। लेकिन आग से घर में रखा सारा घरेलू सामान, नगदी जलकर राख हो गई।

रमन बिहारी सक्सेना की पत्नी पूनम देवी ने बताया कि आग से चारपाई, विस्तर, कपड़े, जरूरी दस्तावेज, पांच क्विंटल गेहूं, ढाई क्विंटल धान, लही, ड्रम, बक्सा, 1.40 हजार की नगदी, रामविलास के घर में तखत, साइकिल, सेलर (आटा चक्की), गेहूं, धान, बिस्तर, कपड़े, नगदी और कमल सक्सेना, रामाधार, उत्तम, ध्रुव, रामपाल के घर में रखा घरेलू सामान, नगदी जलकर राख हो गई हैं। पीड़ितों ने 15 लाख रुपये से अधिक नुकसान होने का अनुमान लगाया है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मुआवजा दिलाने की मांग की है।

रिक्शा खरीदने के लिए बेचा था जेवर, बैंक से निकाले थे 1.40 लाख
पूनम देवी ने बताया कि उनके घर में पति रमन बिहारी सक्सेना, सास विशुनना देवी, तीन वर्षीय पुत्री अनामिका घर में रहती है। उन्होंने बताया कि पति मजदूरी करते हैं। इससे घर का खर्च चलता है। पति ने कुछ दिन पहले उनके सोने के जेवर बेच दिए थे।

इसके बाद 1.40 हजार रुपये बैंक में डाल दिए थे। पति रमन बिहारी सक्सेना कुछ दिनों से ई रिक्शा खरीदने के लिए बात कह रहे थे। पूनम देवी के अनुसार, तीन दिन पूर्व पति बैंक से रुपये निकाल कर घर ले आये थे और पन्नी में बांधकर रख दिए थे। सोमवार को छप्परदार घर में आग लग गई और नगदी, सारा घरेलू सामान जलकर राख हो गया है। जिससे करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हो गया है।

रामविलास परिवार को पांच लाख का नुकसान
रामविलास ने बताया कि उनके घर में उनकी पत्नी उर्मिला देवी, पुत्र कमलकुमार, बहू लक्ष्मी देवी, गोविंद, बेटे कमल कुमार का चार वर्षीय पुत्र मोगली रहता है। लेकिन बेटा घर से अलग है। सोमवार को घर में अचानक आग लगने से बिस्तर, कपड़े, जरूरी दस्तावेज, नगदी, सेलर (आटा चक्की) आदि सारा सामान जलकर राख हो गया है। इससे पांच लाख रुपये की हानि होने का अनुमान है। उन्होंने प्रशासन से मुआवजा की मांग की है।

रामाधार का भी पांच लाख का नुकसान की संभावना
रामाधार ने बताया कि उनके घर में पत्नी रामकली देवी, पुत्र उत्तम, बहू कुसुमा, पुत्र ध्रुव, बहू सोनी, अटल और पुत्री निशा रहती है। लेकिन बेटे उत्तम और ध्रुव अलग रहते हैं। मकान एक ही है। सोमवार को रमन बिहारी सक्सेना के घर की ओर से आग जलती हुई आई और लपटों ने घर को पकड़ लिया। इससे उसका और बेटे का घरेलू सामान, नगदी जल गई। करीब पांच लाख रुपये का नुकसान पहुंचा है।

ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: पुलिस टीम पर ग्रामीणों का हमला, दरोगा की तोड़ी नेम प्लेट...सिपाहियों की फाड़ी वर्दी

संबंधित समाचार