हल्द्वानी: ब्रिटेन से छुट्टी पर घर आए युवक की कार पेड़ से टकराई, मौत

Amrit Vichar Network
Published By Bhupesh Kanaujia
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। ब्रिटेन से छुट्टियां मनाने आया कार सवार युवक अपने दोस्त के साथ सैर-सपाटे पर निकला था। रास्ते में तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गई और युवक की मौत हो गई। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना चोरगलिया थाना क्षेत्र में हुई। 

मूलरूप से भटेरी झूलाघाट पिथौरागढ़ निवासी अर्जुन सिंह बिष्ट (26 वर्ष) ऊधमसिंह नगर जिले के लोहिया पुल खटीमा में परिवार के साथ रहता था। बताया जाता है कि वह यूनाइटेड किंगडम के ब्रिटेन में पिछले सात माह से नौकरी कर रहा था और एक माह पहले छुट्टी पर घर आया था।

सोमवार को वह घर से काम से जाने की बात कहकर हल्द्वानी के लिए निकला था। उसके साथ कार में उसका एक दोस्त भी था। चोरगलिया थाना क्षेत्र में प्रतापगढ़ मोड़ के पास रात करीब ढाई बजे कार पेड़ से टकरा गई। जोरदार टक्कर में दोनों बुरी तरह घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में दोनों को एंबुलेंस के जरिये उपचार के लिए डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा, जहां मंगलवार सुबह अर्जुन की मौत हो गई। चोरगलिया थानाध्यक्ष भुवन राणा ने बताया कि मंगलवार की दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। 

तीन बहनों का इकलौता भाई था अर्जुन
अर्जुन सिंह बिष्ट परिवार का इकलौता बेटा था। पिता का कुछ साल पहले ही निधन हो चुका है। बताया जा रहा है कि परिवार में अर्जुन की मां पार्वती देवी और तीन बहने हैं, हालांकि तीनों बहनों की शादी हो चुकी है। अर्जुन की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा है।

संबंधित समाचार