Etawah News: पति ने पत्नी की हत्या कर फेंका था शव...दोष को उमक्रैद की सजा, कोर्ट ने जुर्माना भी ठोंका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इटावा में पत्नी की हत्या में पति दोषी

इटावा, अमृत विचार। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश फास्ट ट्रैक कोर्ट द्वितीय दिनेश गौर ने पत्नी की हत्या करने के बाद उसके शव को यमुना में फेंक देने के एक साल पुराने मामले की सुनवाई करते हुए पति को दोषी पाया। दोषी पाए जाने पर कोर्ट ने उसे उम्रकैद की सजा सुनाई।

अपर जिला शासकीय अधिवक्ता संजीव कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि फिरोजाबाद जिले के नगला खंगर थाना क्षेत्र के गांव नगला जोरे निवासी ऋषिकेश यादव पुत्र राजनाथ सिंह ने बलरई थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में आरोप लगाया था कि उसने अपनी बहन प्रीति की शादी वर्ष 2008 में आगरा जिले के चित्रहाट थाना क्षेत्र के गांव पुरा चौधरी निवासी हरकेश पुत्र इंद्रेश के साथ की थी। 

जिसके कोई संतान नहीं थी। इस कारण से पति अक्सर उसे परेशान करता था। 16 जून 2023 को हरकेश अपनी पत्नी प्रीति के साथ ससुराल नगला जोरे गया था। वहां पर किसी बात को लेकर दोनों में कहा सुनी हो गई थी। कहासुनी होने के बाद उसी दिन रात करीब ग्यारह बजे वह प्रीति को लेकर अपने घर चले गए। रास्ते में खंदिया पुल के पास हरकेश ने प्रीति की हत्या कर शव को यमुना में फेंक दिया।

उसके बाद उसने फोन कर उसके परिवार के लोगो को इसकी जानकारी दी। जानकारी मिलने पर वह परिवार के साथ पुरा चौधरी गांव गया तो वहां पर कोई नही मिला। बाद में उसने पुलिस को सूचना दी और खोजबीन शुरू की तो उसकी बहन प्रीति का शव सिरसा की मडैंया के पास यमुना के किनारे पडा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया। 

पुलिस ने तहरीर के आधार पर हत्या व शव को गायब करने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। बाद में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। छानवीन के बाद पुलिस ने तीन अगस्त 2023 को आरोपपत्र कोर्ट में पेश कर दिए।  

मामले की सुनवाई अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश फास्ट ट्रेक कोर्ट द्वितीय में हुई। अपर जिला शासकीय अधिवक्ता के द्वारा पेश किए साक्ष्यों व गवाहों के आधार कोर्ट ने पति हरकेश को दोषी पाया और उसे उम्रकैद की सजा सुनाई। इसके साथ ही कोर्ट ने उस पर दस हजार रूपया का जुर्माना भी लगाया।

ये भी पढ़ें- Kanpur Suicide: इंस्टाग्राम में लाइव आकर युवक ने फांसी लगाकर दी जान...गले में डाला फंदा और लटक गया, देखते रह गए यूजर्स

संबंधित समाचार