बरेली के पार्षद को परेशान कर रही उत्तराखंड पुलिस
बरेली, अमृत विचार। उत्तराखंड पुलिस वहां के एक नेता के कहने पर संजय नगर के पार्षद के यहां दबिश देकर परेशान कर रही है। पुलिस लगातार यहां आकर परिवार को धमका रही है। साथ ही घर के बाहर गाली-गलौज भी करती है। ये आरोप पीड़ित पार्षद की मां ने लगाए हैं। उन्होंने अन्य पार्षदों के …
बरेली, अमृत विचार। उत्तराखंड पुलिस वहां के एक नेता के कहने पर संजय नगर के पार्षद के यहां दबिश देकर परेशान कर रही है। पुलिस लगातार यहां आकर परिवार को धमका रही है। साथ ही घर के बाहर गाली-गलौज भी करती है। ये आरोप पीड़ित पार्षद की मां ने लगाए हैं। उन्होंने अन्य पार्षदों के साथ एसएसपी से मामले की शिकायत की है।
संजय नगर निवासी महारानी देवी ने बताया कि उनका बेटा बबलू उर्फ वीरेंद्र पटेल पार्षद है। उनके एक रिश्तेदार उत्तराखंड में ऊधम सिंह नगर के रहने वाले हैं। वह अपनी राजनीतिक पकड़ के चलते पहले भी बबलू पटेल और उनके नाती को चोरी के मामले में जेल भिजवा चुके हैं। इसके बाद न्यायालय ने उन्हें बरी कर दिया।
आरोप है कि अब फिर से रिश्तेदार के कहने पर वहां की पुलिस बबलू के घर पर लगातार दबिश दे रही है। तीन दिन पहले रात में उत्तराखंड के पुलिसकर्मी उनके घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए उनके रिश्तेदार शानू पर पिस्टल तान दी। इसके बाद उसे उठाकर ले गए। चार घंटे बाद उसे छोड़ा। परेशान होकर गुरुवार को महारानी देवी पार्षद सुभाष वर्मा, पूनम गंगवार, नरेश यादव समेत अन्य लोग एसएसपी ऑफिस पहुंचे और मामले की शिकायत की। एसएसपी ने उन्हें मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है।
