बरेली: जमाखोरी से आलू की कीमतों में उछाल, तोड़ा रिकॉर्ड

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। त्योहारी सीजन में इस बार आलू की कीमतें रिकाॅर्ड तोड़ रही हैं। हालांकि नवरात्र के चलते प्याज का भाव स्थिर बना हुआ है। आलू की कीमतें 50 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई हैं। टमाटर और प्याज पर भी महंगाई छाई हुई है। आलू के बढ़ते दामों की वजह से जमाखोरों ने …

बरेली, अमृत विचार। त्योहारी सीजन में इस बार आलू की कीमतें रिकाॅर्ड तोड़ रही हैं। हालांकि नवरात्र के चलते प्याज का भाव स्थिर बना हुआ है। आलू की कीमतें 50 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई हैं। टमाटर और प्याज पर भी महंगाई छाई हुई है। आलू के बढ़ते दामों की वजह से जमाखोरों ने थोक और खुदरा मूल्य बढ़ा दिया है। इधर, कारोबारियों का कहना है कि काम-धंधा बंद होने से परेशान गरीबों के लिए अब महंगाई मुसीबत बन गई है।

आलू एक ऐसी सब्जी है जो आम तौर पर ज्यादा इस्तेमाल की जाती है। ऐसे में अब यह भी आम आदमी से दूर होता जा रहा है। चार दिन पहले 30 से 40 रुपये प्रति किलो तक बिकने वाला नया आलू अब 50 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। वहीं, पुराना आलू 35 रुपये किलो तक बिक रहा है। आलू व्यापारियों को कहना है कि करीब दो महीने पहले आलू की कीमतों में शुरू हुआ उछाल का सिलसिला अब भी जारी है।

एक महीने पहले शासन की ओर से स्थानीय स्तर पर आलू की कीमतों को लेकर कार्रवाई के लिए निर्देश भी दिए गए थे। इसके बाद भी नवरात्र के आते-आते आलू का भाव 50 रुपये किलो तक पहुंचा गया है। सब्जी के थोक विक्रेता बताते हैं कि नया आलू इस समय महंगा मिलता है, इसलिए महंगा बिक रहा है। अगले 15 दिन तक सब्जियों की कीमतों में कमी आने के आसार नज़र नहीं आने की बात भी कही।

आढ़ती करते हैं स्टाक
जिले में आलू भंडारण के लिए कोल्ड स्टोरेज बने हैं लेकिन आलू का यहां भरपूर उत्पादन न होने के कारण भंडारण नहीं हो पाता है। इस कारण आढ़ती आलू का स्टाक खुद रखते हैं। आढ़तियों का कहना है कि जब तक एक ट्रक आलू नहीं बिक जाता तब तक वे दूसरा ट्रक नहीं मंगवाते हैं। वहीं, डेलापीर स्थित सब्जी मंडी की बात करें तो इन दिनों स्थिति विकराल बनी हुई है। आलू के अलावा अन्य सब्जियों के दाम भी बढ़े हैं। इसके पीछे तर्क यह भी दिया जा रहा है कि माल भाड़ा बढ़ने का असर भी सब्जियों के दामों पर पड़ा है।

सब्जियों के साथ फलों की कीमतों में भी उछाल
त्योहारी सीजन में सब्जियों की कीमतें तो आसमान छू ही रही हैं, फलों के दामों में भी उछाल आना शुरू हो गया है। अब तक 40 से 50 रुपये किलो तक बिकने वाला सेब 70 रुपये किलो तक पहुंच गया है। 30 रुपये दर्जन बिकने वाला केला अब 40 से 50 रुपये दर्जन तक बिक रहा है।

संबंधित समाचार