कासगंज: गंजडुंडवारा के तीन गांवों में चोरों का धाबा, घरों से ले गए लाखों रूपये की नगदी और जेवरात

Amrit Vichar Network
Published By Afzal Khan
On

गंजडुंडवारा, अमृत विचार। गंजडुंडवारा के तीन गांव में गुरुवार की रात को चोरों ने तांडव मचाया। घरों में घुसे चोर नगदी सहित लाखों के जेवरात चोरी कर ले गए हैं। एक ही रात में हुई तीन चोरी की घटनाओं से कोतवाली पुलिस सकते में है। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है। सीओ ने घटना के खुलासे के लिए पुलिस की टीमें गठित की हैं। वहीं वारदात से ग्रामीणों में दहशत है। सुरक्षा को लेकर वह आशंकित है। पुलिस की गश्त की भी पोल खुली है। गांव नगला मंशा, नगला वरा और नगला छेदा में हुई घटना के बाद ग्रामीणों ने घटना पर आक्रोश जताया है। घटना का खुलासा कर चोरी का माल बरामद करने की मांग की है। 

केस एक: नगला मंशा निवासी सुधीर कुमार पुत्र कलियान सिंह अपनी पत्नी के साथ अपने घर के एक कमरे में सो रहे थे। उनका छोटा भाई अरविंद कुमार अपनी पत्नी के साथ दूसरे कमरे में सो रहा था। तभी रात करीब 12:30 बजे कुछ आहट होने पर जब देखा तो पास के कमरे में सामान बिखरा मिला। सुधीर के अनुसार चोर उनके घर से एक सोने की जंजीर, सात अंगूठी, एक पैडल और लगभग एक लाख छह हजार की नगदी ले गए हैं। शोर शराबा करने पर कुछ लोग भागते दिखाई दिए। उनके अनुसार अज्ञात चोरों के पास फोल्डिंग वाली सीढ़ी थी।

केस दो: चोरों ने कोतवाली क्षेत्र के ही गांव नगला वरा में सोनू के घर को अपना निशाना बनाया। सोनू अपने परिवार के साथ ऊपर छत पर सो रहा था। देर रात घर में घुसे चोरों ने कमरे में रखे संदूक और अलमारी के ताले तोड़ लिए। उनमें रखे सोने के आभूषण और नगदी चोरी कर ले गए। सुबह जब गृहस्वामी सोनू सोकर उठा तो और कमरे में जाकर देखा तो संदूक और अलमारी के ताले टूटे पड़े थे। सामान बिखरा पड़ा था। सोनू के अनुसार चोर सोने की अंगूठी और 20 हजार रूपये की नगदी चोरी कर ले गए हैं। 

केस तीन: दो गांव में चोरी की घटना करने के बाद चोरों ने गांव नगला छेदा में भी धबा बोल दिया। चोरों ने गांव के सनोज पुत्र विपिन कुमार के मकान को निशाना बनाया। परिवार के सभी सदस्य छत पर सो रहे थे कि तभी रात दो बजे आहट हुई तो देखा कुछ लोग दीवार फांदकर भाग रहे थे। कमरे मे जाकर देखा तो वहां रखे बख्शे का ताला टूटा हुआ था। चोर उसमे रखी 20,000 रुपए नकदी,सोने की अंगूठी, चांदी की पाजैव, कुंदनी, सोने के पैंडल पर हाथ साफ कर ले गए। वह कार से चोरी की घटना को अंजाम देने आए थे।

अज्ञात चोरो द्वारा विभिन्न गांवो मे चोरी की घटना को अंजाम देने के सम्बंध मे तहरीर प्राप्त हुई है। घटनास्थलो का निरीक्षण जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही तीनों चोरी की घटनाओ का खुलासा किया जाएगा- विनोद कुमार, कोतवाली प्रभारी

ये भी पढ़ें। कासगंज: टूटी पुलियाओं के निर्माण को लेकर सपा राष्ट्रीय प्रवक्ता ने उठाई आवाज

संबंधित समाचार