Kannauj: वृद्धा ने जहर खाकर दी जान...पति ने बैंक से लिया था कर्ज, दो साल पहले हो चुकी मौत, परिजन बोले- कर्मचारी बना रहे थे दबाव
कन्नौज में बैंक से कर्ज वापसी का पड़ा दबाव को वृद्धा ने दे दी जान
कन्नौज, अमृत विचार। दो साल पहले पति ने कर्ज लिया लेकिन इसके बाद बैंक की तरफ से वसूली का दबाव परिवार पर पड़ने लगा। परेशान होकर विधवा महिला ने घर में रखा जहर खाकर जान दे दी। पुत्र का आरोप है कि मां ने बैंक कर्मचारियों द्वारा कर्ज वसूली को जोर दिए जाने से आत्महत्या कर ली। फिलहाल परिवार की तरफ से कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है।
कोतवाली के सगरा गांव निवासी शिवदुलारी (60) पत्नी स्व. हीरालाल ने शनिवार की सुबह घर पर रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ते देखकर परिजन उसे मेडिकल कालेज ले आए। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के परिजनों समेत पुत्र सुभाष ने आरोप लगाया कि पिता हीरालाल ने अगौस गांव की आर्यावर्त बैंक से वर्ष 2018 में 80 हजार रुपये कर्ज लिया था। दो साल बाद 2020 में पिता की मौत हो गई जिस कारण बैंक से लिया कर्ज जमा नहीं हो सका। अब कर्ज की राशि बढ़कर डेढ़ लाख रुपये हो चुकी है।
बैंक कर्मी कर्ज की वसूली को लेकर उसके समेत मां पर दबाब बना रहे थे। शुक्रवार को बैंक कर्मी घर पर आए और मां से कर्ज की रकम जमा करने का दबाव बनाते हुए आधार कार्ड ले लिया। जबरदस्ती एक कागज पर हस्ताक्षर बनवा लिए और सोमवार को बैंक आने के लिए कह गए थे।
आरोप लगाया कि बैंक कर्मचारियों से परेशान होकर मां ने घर में रखी कीटनाशक दवा खा ली जिससे उनकी मौत हो गई। कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मेडिकल कॉलेज की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। कोई तहरीर नहीं मिली है।
