Exclusive: युवक के मोबाइल पर आया चालान तो हुआ हैरान, वाहन की नंबर प्लेट चोरों से बचाएं वरना चले जाएंगे जेल
कानपुर, जमीर सिद्दीकी। सावधान हो जाएं क्योंकि आपके बाइक या कार की नंबर प्लेट चोरी करके कोई हत्यारा या चोर आपके लिए जेल की हवा खाने का रास्ता पैदा कर सकता है। ऐसा ही एक मामला लाजपत नगर का सामने आया है लेकिन वाहन स्वामी के जरिए पहले से ही थाने को सूचित किए जाने से वाहन स्वामी बच गए।
लाजपत नगर निवासी अरुण श्रीवास्तव का बेटा तरुण विशाल अमेरिका में शिक्षा ग्रहण कर रहा है। अपने बेटे से मिलने के लिए तरुण 17 दिसंबर 2023 को अमेरिका चले गए। उनके अपार्टमेंट के बेसमेंट में उनकी बाइक यूपी 78 जीएम 3565 खड़ी थी। पीड़ित के मुताबिक जब उनके कार चालक अप्रैल में वहां आया तो देखा कि बाइक की दोनों नंबर प्लेट गायब हैं।
चालक ने इसकी जानकारी पास में रह रही अरुण श्रीवास्तव के ससुराल वालों को दी तो ससुराली पक्ष को लोगों ने अमेरिका फोन करके घटना की जानकारी दी। पीड़ित के मुताबिक अमेरिका से ही उन्होंने 18 अप्रैल को थाना नजीराबाद के प्रभारी को घटना की जानकारी दी। नंबर प्लेट चोरी होने की ऑन लाइन एफआईआर भी दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 19 मई को वे अमेरिका से वापस आये तो थाना में संपर्क किया और थाना प्रभारी को पूरी घटना की जानकारी पुन: दी।
उन्होंने बताया कि 18 जून को उनके मोबाइल पर 500 रुपये का चालान आया तो उनके होश उड़ गये। उन्होंने घटना की जानकारी थाना प्रभारी को दी तो उन्होंने ट्रैफिक विभाग में संपर्क करने के लिए कहा। इसपर तरुण श्रीवास्तव ने ट्रैफिक विभाग से संपर्क किया और नजीराबाद थाना प्रभारी से बात कराई तो प्रभारी ने ट्रैफिक अधिकारी को जानकारी दिया कि उनकी शिकायत पहले से दर्ज है। इसपर उनकी बाइक का चालान रद कर दिया गया।
पीड़ित की बाइक लाल, चोर की काली
पीड़ित की बाइक जिसकी नंबर प्लेट चोरी हुई है, वह लाल रंग की है, जबकि ये नंबर प्लेट जिस बाइक में लगी है, वह काले रंग की है। चोरी की नंबर प्लेट लगाने वाले की बाइक का चालान नो पार्किंग में हुआ है।
कोई हत्यारा भी डाल सकता मुसीबत में
यदि आपके वाहन की नंबर प्लेट कहीं गिर गई है, या चोरी हो गई है तो तुरंत थाने में इसकी जानकारी दें क्योंकि कोई शख्स आपकी नंबर प्लेट अपने वाहन में लगाकर घूम रहा है तो चालान आपको भरना पड़ेगा। कोई भी अपराधी आपके नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर सकता है, आपकी नंबर प्लेट लगे वाहन से जाकर किसी की हत्या कर दे तो आपका जेल जाना तय, इसलिये नंबर प्लेट गिरने को हल्के से नहीं लें।
