अमेठी में चोरी का सामान खरीदने वाला ज्वेलर और शातिर चोर गिरफ्तार
अमेठी, अमृत विचार। कमरौली थाना क्षेत्र में पिछले दिनों हुई कई बड़ी चोरियों पर लगाम लगाते हुए पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। चोर की निशानदेही पर चोरी का सामान खरीदने वाले ज्वेलर्स के पास से चार लाख रुपए कीमत के सोने चांदी के जेवरात, 61 हजार रुपए नगद, एक एप्पल का मोबाइल और चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। एसपी आफ़िस सभागार में एसपी अनूप सिंह ने मामले का खुलासा किया है।
मामला कमरौली थाना क्षेत्र में पिछले दिनों अलग अलग गांवों में हुई कई बड़ी चोरियों ने पुलिस खाकी पर सवाल खड़े कर दिए थे।चोरियों के खुलासे के लिए कमरौली पुलिस लगातार चेकिंग और जांच पड़ताल में जुटी हुई थी। बुधवार की सुबह कमरौली पुलिस रोड नम्बर चार पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कोयलारा क्रासिंग के पास एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल के साथ खड़ा है। मुखबिर से सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस ने मौके पर जाकर बल प्रयोग करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान चोर की निशानदेही पर चोरी का सामान खरीदने वाले एक ज्वेलर्स के पास से करीब 50 ग्राम सोने के जेवर और 500 ग्राम से अधिक चांदी के जेवर बरामद हुए। इसके अलावा 61 हजार रुपए नगद और एक एप्पल का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। जिस बाइक के साथ चोर गिरफ्तार हुआ है वो बाइक भी पिछले दिनों सुल्तानपुर जिले से चुराई गई थी। गिरफ्तार चोर आतिफ उर्फ अट्टू पुत्र दब्बिर निवासी दीना पाठक का पुरवा जबकि ज्वेलर्स राजन कौशल पुत्र महोना पश्चिम गांव का रहने वाला था। राजन कौशल ही चोरी के सामान को खरीदता था।
घटना का खुलासा करते हुए एसपी अनूप सिंह ने कहा की पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। एक चोर और चोरी का सामान खरीदने वाले चोर को गिरफ्तार किया गया है। करीब चार लाख रुपए के सोने चांदी के जेवर, 61 हजार रुपए नगद, एप्पल का मोबाइल और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
ये भी पढ़ें -गोंडा: तीसरी लाइन प्री नॉन इंटरलांकिग के चलते निरस्त की गयी कई ट्रेनें, यात्रियों की मुश्किलें बढ़ीं
