हल्द्वानी: मानसून में आपदा से निपटने के लिए श्रीलंका टापू में बनाया अस्थायी हेलीपैड
हल्द्वानी, अमृत विचार। जिला प्रशासन ने मानसून में आपदा से निपटने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। लालकुआं के श्रीलंका टापू में अस्थायी हेलीपैड बनाया गया है, ताकि आपदा में बचाव व राहत कार्य प्रभावित नहीं हो और प्रभावितों को त्वरित मदद मिल सके।
लालकुआं का श्रीलंका टापू गौला नदी के बीचों-बीच बने टापू पर बसा हुआ गांव है। इस गांव में लगभग 50 परिवार रहते हैं। बारिश में गौला नदी का जल स्तर बढ़ने पर इस गांव का तहसील एवं जिला मुख्यालय से संपर्क कट जाता है। गांव से लोग आवाजाही नहीं कर पाते हैं। मानसून के दौरान बाढ़ का भी खतरा बना रहता है। इधर, मौसम विभाग ने 29 जून से बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यदि चेतावनी के अनुसार बारिश हुई तो गौला नदी का उफान पर आना तय है। ऐसे में श्रीलंका टापू का मुख्यालय से संपर्क कटना भी तय माना जा रहा है।
इसको देखते हुए प्रशासन ने अभी से तैयारियां कर ली हैं। प्रशासन ने टापू पर अस्थायी हेलीपैड बनाया है। इस हेलीपैड से आपदा के दौरान आपात स्थिति में हेलीकॉप्टर से लोगों को रेस्क्यू किया जा सकता है। प्रशासन व बचाव एजेंसियां को भी मौके पर पहुंचने में मदद मिलेगी। इसके अलावा तीन माह का राशन, सिलेंडर, जीवन रक्षक दवाइयां भी स्टोर की गई हैं।
ऐसे बना श्रीलंका टापू
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, वर्ष 1985 में अक्टूबर माह में गौला नदी में भीषण पानी आया और नदी ने दिशा बदल दी। नदी ने खुरिया खत्ता को काटना शुरू किया। जब तक बाढ़ समाप्त हुई तब तक खुरिया खत्ता दो हिस्सों में बंट चुका था। इसमें एक हिस्सा टापू नुमा था, जिसे श्रीलंका टापू नाम दिया। जबकि दूसरा हिस्सा खुरिया खत्ता ही है।
आपदा प्रबंधन के मद्देनजर श्रीलंका टापू में अस्थायी हेलीपैड बनाया गया है। वहां तीन माह का राशन, रसोई गैस व जरूरी दवाइयां उपलब्ध करा दी गई हैं। प्रशासन पल-पल की नजर बनाए हुए है।
= परितोष वर्मा, एसडीएम हल्द्वानी
वन बैरियर सक्रिय किए जाएंगे
एसडीएम परितोष वर्मा ने बताया कि हल्द्वानी तहसील के अंतर्गत बरसाती नालों की सफाई व नालों में पानी की मात्रा की देखरेख की जा रही है। चोरगलिया रोड पर शेर नाला व सूर्या नाला में पानी आने पर ट्रैफिक रोका जाएगा। नाले के पास वन विभाग का बैरियर है, इसे वन विभाग से समन्वय बनाकर सक्रिय किया जाएगा, ताकि नाले में पानी बढ़ने की सूचना समय से मिल सके।
