शाहजहांपुर: डीसीएम से भिड़ंत में ट्रैक्टर चालक पूर्व प्रधान के ससुर की मौत, ट्रैक्टर के उड़े परखच्चे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हाईवे पर गांव की मोड़ के पास हुआ हादसा, कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात हो गया अवरूद्ध

तिलहर, अमृत विचार। नेशनल हाईवे पर गांव कपसेड़ा की मोड़ के पास गुरुवार सुबह डीसीएम से भिड़ंत में ट्रैक्टर चालक पूर्व प्रधान के ससुर की मौत हो गई। डीसीएम से टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इस हादसे में ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए। सड़क पर पड़े क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर के मलबे की वजह से कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात अवरुद्ध हो गया। मलबा हटने के बाद यातायात सुचारू हुआ। चालक डीसीएम मौके पर छोड़कर भाग गया। जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

क्षेत्र के गांव कपसेड़ा निवासी 60 वर्षीय वेदप्रकाश गुरुवार सुबह करीब छह बजे ट्रैक्टर से धान की पौध खेत पर रोपाई के लिए लेकर गए थे। वापस आते समय इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के सामने जैसे ही पूर्व प्रधान के पिता ने ट्रैक्टर को घर की तरफ ले जाने के लिए मोड़ा, वैसे ही तेज रफ्तार डीसीएम ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर कई हिस्सों में बंट गया। वहीं ट्रैक्टर चला रहे पूर्व प्रधान अवनीश यादव के पिता वेदप्रकाश यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। 

ट्रैक्टर में टक्कर लगते ही तमाम ग्रामीण मौके पर दौड़कर पहुंच गए और परिजनों को सूचना दी। बुरी तरह से घायल वेदप्रकाश को परिजन शाहजहांपुर के एक अस्पताल में ले गए। जहां पर उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद वेदप्रकाश यादव की पत्नी धन देवी, पुत्र अवनीश यादव, आदेश यादव, बृजेश यादव का रो रो कर बुरा हाल है। 

वेदप्रकाश के तीन बेटे व दो बेटियां हैं, सभी की शादी हो चुकी है, जिसमें सबसे बड़े बेटे अवनीश यादव की पत्नी लीला यादव प्रधान रह चुकी हैं। बेटी पूजा व कंचन के घर पिता की मौत की खबर पहुंची, तो वहां उनके घर में कोहराम मच गया। वहीं सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं, ट्रैक्टर के कई हिस्से हो जाने के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था, ट्रैक्टर के बिखरे टुकड़ों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया।

डीसीएम चालक गाड़ी को छोड़कर फरार हो गया। जिसे कब्जे में ले लिया गया है और परिजनों की तरफ से तहरीर आने पर डीसीएम चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी-विशाल प्रताप सिंह, कोतवाल।

ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: होटल मालिक ने लाइन में लगाई बल्ली, हो रहे फाल्ट...उपभोक्ताओं ने की शिकायत

संबंधित समाचार