बाराबंकी : आकाशीय बिजली गिरने से एक की मौत, दो बुरी तरह जख्मी
सिद्धौर, बाराबंकी: अमृत विचार। तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने से कोठी थाना क्षेत्र के लखनपुर निवासी उदय सिंह वर्मा (उम्र 28 वर्ष) की मौत हो गई। जबकि मृतक की पत्नी संगीता और उनकी पड़ोसी संगीता पत्नी भैरौलाल आकाशीय बिजली की चपेट में आने से बुरी तरह से जख्मी हो गईं। पूरा मामला विकासखंड सिद्धौर के लखनापुर गांव का है। गांव के रहने वाले उदय सिंह वर्मा अपनी पत्नी संगीता के साथ खेत में मेड को ठीक करने गए थे।
मृतक उदय मेड बांधकर ठीक कर ही रहे थे कि अचानक गरज चमक के साथ तेज बारिश होने लगी। मौसम के इस बदले मिजाज को देखकर दोनों जल्दी-जल्दी मेड़ की घास को इकट्ठा कर घर जाने की फिराक में थे। इसी दौरान पास ही उन्ही के गांव की संगीता पत्नी भैरव लाल भी मौजूद थीं। बादलों की गड़गड़ाहट सुनकर वह डर गई और उदय कुमार वर्मा व उसकी पत्नी के पास दौड़ कर पहुंच गई।
तीनों घर जा ही रहे थे कि अचानक तेज आंधी पानी के साथ आकाशीय बिजली तीनों पर गिर गई। आकाशीय बिजली गिरने से उदय सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गईं। गांव के लोगों को इस बात की जानकारी हुई तो उन्होंने एंबुलेंस बुलाकर तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। चिकित्सकों ने जांच के बाद उदय सिंह वर्मा को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से जख्मी दोनों महिलाओं का चिकित्सकों की देखरेख में इलाज चल रहा है। इलाज कर रहे चिकित्सक हरि प्रीत का कहना है कि दोनों महिलाएं खतरे से बाहर हैं और चिकित्सकों की देखरेख में इलाज चल रहा है।
स्थितियों में काफी सुधार है। वहीं लिखापढ़ी के बाद मृतक उदय सिंह वर्मा के शव को कोठी पुलिस ने पीएम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। घटना की जानकारी लेने के लिए राजस्व विभाग के कानूनगो शिवकुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कागजी कार्रवाई की।
ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: होटल मालिक ने लाइन में लगाई बल्ली, हो रहे फाल्ट...उपभोक्ताओं ने की शिकायत
