बदायूं: हैंडपंप पर पानी भरने के दौरान गिरी दीवार, बच्ची की मौत, एक घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

विजय नगला, अमृत विचार। सरकारी हैंडपंप पर पानी भर रही दो सगी बहनों के ऊपर कच्ची दीवार गिर गई। दोनों बहनें उसके नीचे दब गईं। आवाज सुनकर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। दोनों बहनों को मिट्टी के ढेर से बाहर निकाला गया। तब तक एक बच्ची की मौत हो चुकी थी जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल थी। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। बच्ची की मौत पर परिवार में कोहराम मचा है।

मामला थाना बिनावर क्षेत्र के गांव दियोरीजीत का है। शुक्रवार दोपहर लगभग एक बजे अरविंद की 6 साल की बेटी स्वाती और 3 साल की बेटी नन्हीं उनके घर के सामने लगे सरकारी हैंडपंप पर पानी भरने गई थीं। हैंडपंप के पास ही नसीम का कच्चा मकान था। जिसकी दीवार अचानक दोनों बहनों के ऊपर गिर गई। वह दोनों दीवार के मलबा में दब गईं।

तेज आवाज सुनकर उनके परिजन और पड़ोसी पहुंच गए। दोनों को मलबा से बाहर निकाला गया लेकिन स्वाती की मौत हो चुकी थी और नन्हीं गंभीर रूप से घायल थीं। घायल बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीण की सूचना पर पुलिस गांव पहुंची। स्वाती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं घायल बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है।

ये भी पढ़ें। बदायूं: मस्जिद के सामने बारात निकालने का विरोध, पत्थरबाजी का आरोप

संबंधित समाचार