मेरठ: बच्चों के विवाद में गोली मारकर हत्या...आरोपियों के घरों पर पथराव और तोड़फोड़, गांव में पुलिस बल तैनात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मेरठ। हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के रठौरा खुर्द गांव में बच्चों के विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया, जिसमें एक व्यक्ति की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। जबकि इसके बाद मृतक पक्ष के लोगों ने आरोपियों के घरों पर पथराव और जमकर तोड़फोड़ की। जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही कई थानों के फोर्स के साथ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। 

जहां मृतक के परिजनों ने थाना प्रभारी पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। उधर, ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी। फिलहाल पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। जानकारी के मुताबिक, रठौरा खुर्द गांव में पंचायत की जमीन पर एक छोटा सा मैदान है, जहां बच्चे खेलते हैं। 

लगभग डेढ़ महीने पहले दो बिरादरियों जाटव और वाल्मीकि समाज के बच्चों का खेलते हुए झगड़ा हो गया था। जिसको लेकर उनके परिजनों में भी विवाद हो गया। उस वक्त अन्य ग्रामीणों ने समझा बुझाकर मामला शांत करा दिया था। लेकिन उसके बाद भी बच्चों के चलते दोनों पक्षों में कई बार झगड़ा हो चुका है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष बच्चों खेलने वाली सरकारी जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। 

जिसकी वजह से वह आपस में रंजिश रखते हैं। वहीं शुक्रवार को गांव में ही फर्नीचर का काम करने वाला 45 वर्षीय सोहनवीर कहीं जा रहा था। इस दौरान गांव में वाल्मीकि समाज के कुछ युवको से एक बार फिर उसका विवाद हो गया। तभी अचानक युवकों ने उस पर अवैध तमंचे से फायरिंग कर दी। जिसमें गोली लगने से सोहनवीर गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन फानन में परिजन घायल सोनवीर को सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

वहीं दिनदहाड़े सोनवीर की हत्या से गांव में सनसनी फैल गई और उसके परिवार में कोहराम मच गया। इसके बाद मृतक पक्ष के लोगों ने आरोपियों के घरों पर पथराव किया और कई गाड़ियां तोड़ दीं। वहीं गांव में हत्या और बवाल की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों के साथ ही तीन थानों का फोर्स भी गांव पहुंच गया और स्थिति को संभाला। साथ ही चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। इसके अलावा गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को तैनात किया गया है।

यह भी पढ़ें- लुटेरी दुल्हन शादी के 5 दिन बाद नकदी-गहने लेकर फरार...सहारनपुर तक पति को भी ले गई साथ

संबंधित समाचार