लुटेरी दुल्हन शादी के 5 दिन बाद नकदी-गहने लेकर फरार...सहारनपुर तक पति को भी ले गई साथ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मेरठ। सरधना थाना क्षेत्र में एक लुटेरी दुल्हन का कारनामा सामने आया है, जहां शादी के 5 दिन बाद दुल्हन नकदी और जेवर लेकर फरार हो गई। जब दूल्हे के परिजनों ने शादी कराने वाली बिचौलिया से संपर्क किया तो शादी कर लोगों को लूटने वाले पूरे गिरोह का सच सामने आया। जिसके बाद पुलिस से दुल्हन समेत चार लोगों के खिलाफ शिकायत की गई। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक टीम का गठन किया है। 

जानकारी के मुताबिक, थाना क्षेत्र के छुर गांव निवासी मांगेराम के बेटे कपिल और उतराखंड के विकास नगर में रहने वाली नेहा की शादी बीती 9 जून को हुई थी। जिसमें लड़की वालों का खर्चा भी लड़का पक्ष ने उठाया था। वहीं शादी के पांच दिन बाद 14 जून को नवविवाहिता नेहा स्कूटी से अपने पति के साथ सहेली की शादी में शमिल होने की बात कहकर उत्तराखंड के लिए निकली थी। इस दौरान रास्ते में सहारनपुर से पहले नेहा के कहने पर दोनों एक रेस्टोरेंट में रुके। 

पति कपिल का कहना है कि नेहा रास्ते भर लगातार फोन पर अपने जीजा के साथ संपर्क में थी। वहीं रेस्टोरेंट में रुकने के कुछ देर बाद नेहा के जीजा मोहित, अनुज और अज्ञात लोग वहां आ धमके और उसे जान से मारने की धमकी देते हुए चुपचाप जाने को कहा। जिसके बाद कपिल अपने घर पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना बताई। जब परिजनों ने घर के सामान की जांच की तो नकदी और करीब दो लाख रुपए के गहने गायब थे। 

जिस पर उन्होंने तुरंत ही फोन पर शादी कराने वाली बिचौलिया अन्नू से बात की तो शादी करके लोगों को लूटने वाले पूरे गिरोह का खुलासा हो गया। साथ ही उनके हाथ नेहा और उसके जीजा के आपत्तिजनक फोटो भी लग गए। इसके बाद 19 जून को दूल्हे के पिता मांगेराम ने सरधना थाने में आरोपी दुल्हन नेहा, मोहित, अनुज शर्मा और बिचौलिया अन्नु के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। लेकिन पुलिस ने सहारनपुर की घटना बताकर मामला दर्ज नहीं किया। 

जिस पर पीड़ित पक्ष ने एसएसपी ऑफिस पहुंच कर मामले की शिकायत की। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक टीम का गठन किया है। साथ ही आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया जा  रहा है।

ये भी पढे़ं- मेरठ: डिवाइडर पर चढ़कर पलटी हरियाणा डिपो की बस, बच्चों समेत 40 यात्री घायल

 

संबंधित समाचार