छिवकी रेलवे स्टेशन पर रेल नीर की जगह बिक रहा बेतवा नीर, अवैध वेंडर नियमों की उड़ा रहे हैं धज्जियां

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज, अमृत विचार। छिवकी स्टेशन पर यात्रियों के लिए बिकने वाले पानी में भी वेंडर रेलवे को नुकसान पहुंचा रहे हैं। स्टेशन पर पानी बेचने वाले वेंडर रेल नीर के बजाय बेतवा नीर बेच रहे है। अवैध वेंडरों के इस कारनामे से रेलवे को काफी नुकसान पहुंच रहा है। 
 
उत्तर मध्य जोन के अंतर्गत आने वाला छिवकी स्टेशन से हजारों यात्री प्रतिदिन अपनी रेल यात्रा करते हैं। महत्वपूर्ण स्टेशनों में शुमार छिवकी स्टेशन पर इन दिनों अवैध वेंडर धड़ल्ले से नियम के विपरीत पानी और खाने पीने की चीजें बेचते हुए देखे जा सकते हैं। महकमा भी इनकी कारगुजारियों के प्रति अनजान बना हुआ है। दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत की ओर जाने वाली ट्रेन के मुसाफिर इन वेंडरों का आसान शिकार बन रहे है। नियम के मुताबिक स्टेशन पर चीजों की बिक्री लाइसेंस के अधीन नियमो के अंतर्गत होनी चाहिए। सूत्रों के अनुसार छिवकी स्टेशन पर वेंडरों का पूरा सिंडिकेट कार्य कर रहा है। जिसमे आरपीएफ के लोग भी शामिल हैं। जिससे ये वेंडर बेखौफ हो कर हर प्लेटफार्म पर कब्जा जमाए हुए है। 

दिखावे के लिए चलाया जाता है अभियान
आरपीएफ की ओर से अवैध वेंडरों की धर पकड़ के लिए अभियान भी चलाया जाता है। लेकिन वह सिर्फ दिखावे के लिए होता है। ठेकेदारों के पहुंचने पर साठ गांठ से बाद उन्हें हिदायत देकर छोड़ दिया जाता है। जिसके बाद वह फिर से अपने काम में मशगूल हो जाते है। 

वर्जन-
अवैध वेंडरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाती है। स्टेशन पर कोई अवैध वेंडर नहीं रहते है। अगर ऐसा है तो उनको गिरफ्तारी की जाएगी और उन्हें स्टेशन पर आने से रोका जाएगा।- आर पी कुजूर इंस्पेक्टर, छिवकी प्रयागराज

ये भी पढ़ें -तेज रफ्तार एसयूवी ने सड़क किनारे खड़े परिवार को रौंदा, महिला की मौत, पिता-पुत्र समेत 3 गंभीर

संबंधित समाचार