KGMU: कांख को चीरते हुए कंधे से निकल गई थी सरिया, डॉक्टरों ने सफल सर्जरी कर बचाई जान
लखनऊ, अमृत विचार। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के ट्रॉमा सेंटर में चिकित्सकों ने युवक के कांख को चीरते हुए कंधे से निकली सरिया को जटिल ऑपरेशन कर बाहर निकालने में सफलता पाई है। युवक अब पूरी तरह से स्वस्थ है। उसका हाथ भी पहले की तरह काम कर रहा है।
उन्नाव निवासी रामकिशोर (37) बीते 25 जून को ऊंचाई से लोहे की सरिया पर गिर गए थे। सरिया बाएं कांख को चीरते हुए कंधे से बाहर निकल गई थी। परिजन आनन-फानन में उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां से उसे केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। ट्रॉमा की इमरजेंसी में डॉक्टरों ने देखा और फौरन ऑपरेशन करने को कहा। खून अधिक बह जाने के कारण मरीज की हालत और गंभीर हो गई थी।
ट्रॉमा सर्जरी विभाग के डॉ. समीर मिश्र के निर्देशन में इलाज शुरू हुआ। डॉ. समीर ने बताया कि मरीज को एनस्थीसिया देना कठिन था। क्योंकि सरिया लगने से मरीज को लिटाना मुश्किल था। लंबी जद्दोजहद के बाद बेहोशी देकर ऑपरेशन किया गया। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन के बाद सरिया निकालने में सफलता मिली।
ऑपरेशन के बाद मरीज की तबीयत ठीक है। घाव की मुख्य रूप से सक्शन ड्रेन से मरम्मत की गई थी। ऑपरेशन करने में डॉ. समीर मिश्रा, डॉ. नरेंद्र कुमार, डॉ. आकांक्षा, डॉ. अंजना, डॉ. अमन और डॉ. विशाल व एनस्थीसिया टीम में डॉ. सरिता, डॉ. दीपाली, डॉ. अंजलि समेत अन्य डॉक्टर पैरामेडिकल स्टाफ ने सहयोग किया।
यह भी पढ़ें:-अमेठी में ग्राम प्रधान के भाई की ईंट-पत्थर से हमला कर हत्या, जांच में जुटी पुलिस
