Kanpur: सीएसजेएमयू में बीटेक करने का मौका; मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग कोर्स में प्रवेश शुरू, इतनी सीटें आवंटित...
कानपुर, अमृत विचार। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में मैटेरियल साइंस एंड मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग के 4 वर्षीय बीटेक कार्यक्रम में सीधे प्रवेश हो रहा है। एआईसीटीई की ओर से इस कोर्स के लिए 30 सीटें आवंटित की गई हैं।
यह जानकारी देते हुए विभाग समन्वयक डॉ. वी.के. कश्यप ने बताया कि यह कोर्स में छात्रों को धातुकर्म उद्योगों जैसे अयस्क उपचार संयंत्रों, इस्पात उद्योग, खनिज प्रसंस्करण संयंत्रों, खनन फर्मों, ऑटोमोबाइल फर्मों, रिफाइनरियों, अनुसंधान प्रयोगशालाओं आदि में काम करने में सक्षम बनाता है। धातुकर्म इंजीनियरों को भेल, गेल एवं डीआरडीओ आदि जैसी सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों में नौकरी के अवसर मिलते है।
इन्हें सार्वजनिक और सरकारी क्षेत्रों के विभिन्न अनुसंधान संगठनों में भी स्थान मिलता है। मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग के तहत सृजित नौकरियां इस स्ट्रीम में प्रति वर्ष स्नातक होने वाले छात्रों की तुलना में बहुत अधिक हैं। यही कारण है कि छात्रों को शत् प्रतिशत प्लेसमेंट मिलता है।
इस पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए छात्रों को न्यूनतम 45 फीसद अंकों के साथ अनिवार्य विषयों के रूप में भौतिकी, रसायन विज्ञान, गणित के साथ 12वीं उत्तीर्ण होना चाहिए। प्रवेश के लिए छात्रों को सीएसजेएम विश्वविद्यालय के समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। अधिक जानकारी के लिए छात्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जा सकते हैं।
