छुट्टी के बाद खुले स्कूल, बच्चों ने स्कूल चलो रैली निकाल अभिभावकों को किया जागरुक
गोंडा, अमृत विचार: ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद सोमवार से परिषदीय विद्यालय खुल गए और स्कूलों में नियमित पढ़ाई भी शुरू हो गई। पहले दिन सोमवार को स्कूल खुलने के साथ ही स्कूल चलो अभियान का भी शुभारंभ हुआ। बच्चों ने जगह-जगह जागरुकता रैली निकाली और अभिभावकों को अपने बच्चों का नामांकन सरकारी स्कूलों में कराने के लिए प्रेरित किया। डीएम के निर्देश पर जिला स्तरीय अफसर भी अपने गोद लिए स्कूलों में पहुंचे और प्रार्थना सभा में भाग लेकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया।

ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद सोमवार से स्कूल नियमित रूप से खुल गए। एक महीने की छुट्टी के बाद बच्चे स्कूल पहुंचे तो उनके चेहरे पर स्कूल खुलने की खुशी साफ झलक रही थी। शिक्षकों ने बच्चों का रोली चंदन के टीके से स्वागत किया। पहले दिन की प्रार्थना सभा के बाद स्कूलों में स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ हुआ। बच्चों ने जगह जगह जागरुकता रैली निकाली और अभिभावकों को जागरुक किया। हलधरमऊ के कंपोजिट स्कूल चौरी में खंड शिक्षा अधिकारी रियाज अहमद के नेतृत्व में स्कूल चलो अभियान का आयोजन किया गया। प्रधानाध्यापक मधुलिका पांडेय, पुष्कर त्रिपाठी, अवधेश कुमार , प्रशांत शर्मा, अनीता सोनी व देवकी नंदन शुक्ल की देखरेख में बच्चों ने जागरुकता रैली निकाली। प्राथमिक विद्यालय हटही में एआरपी राखाराम गुप्ता के नेतृत्व में स्कूल चलो अभियान रैली निकाली गयी। एआरपी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया और घर-घर अभिभावकों से संपर्क कर अपने बच्चों का नामांकन सरकारी स्कूल में कराने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक प्रवीन कुमार, शिक्षक सूर्य प्रकाश, अंजली सिंह, मिथिलेश शुक्ला उपस्थित रहे। उच्च प्राथमिक विद्यालय कपूरपुर में भी बच्चों ने जागरुकता रैली निकाली। नवाबगंज के प्राथमिक विद्यालय महेशपुर में सोमवार को स्कूल चलो अभियान रैली निकाली गई। प्रधानाध्यापिका वंदना पटेल, संकुल शिक्षिका संकुल कल्पना तिवारी, माधवी सिंह, अनिल कुमार प्रजापति, वर्षा तिवारी, रिंकू यादव व पूनम यादव के नेतृत्व में बच्चों ने लकडमंडी, वजीराबाद, महेशपुर आदि गांवों में पहुंचकर लोगों से संपर्क कर स्कूल चलो अभियान की जानकारी दी और अपने बच्चों का दाखिला कराने की अपील की। मनकापुर ब्लॉक संसाधन केंद्र से द्वितीय चरण की स्कूल चलो अभियान रैली को खंड शिक्षा अधिकारी ध्रुव प्रसाद जायसवाल व ब्लॉक प्रमुख जगदेव चौधरी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली कस्बा के गांधीनगर, आजाद नगर, सुभाष नगर, रफी नगर आदि मोहल्लों से होते हुए कंपोजिट विद्यालय मनकापुर पर समाप्त हुई। इस मौके पर अनिल द्विवेदी, अब्दुल रशीद बलजीत सिंह कनौजिया, संतोष कुमार उपाध्याय, रतेंद्र शुक्ल, शिक्षिका कल्पना सिंह, मधु कुमारी, अनीता श्रीवास्तव, अनामिका व एआरपी सहित स्कूली बच्चे मौजूद रहे। प्राथमिक विद्यालय नरायनपुर ग्रांट के बच्चों ने भी जागरुकता रैली निकाली और हाथ में पोस्टर लेकर अभिभावकों को अपने बच्चों का नामांकन सरकारी स्कूल में कराने के लिए प्रेरित किया।
