कासगंज: सावधान ए भाई जरा देखकर चलो... जरा सी नजर हटी, समझो दुर्घटना घटी
बारिश के मौसम में धस रही हैं सड़कें, हादसों का खतरा बढ़ा
कासगंज, अमृत विचार। राह निकलते समय बेहद सावधान रहने की जरूरत है। यदि वाहन चलाते समय जरा भी नजर हटी समझो जिम्मेदारों की अनदेखी के चलते बड़ी दुर्घटना घटी। कारण है कि बारिश के मौसम में जगह- जगह सड़कें धसने लगी हैं और सड़कें बनाने वाली कार्यदायी संस्थाओं की पोल खुल गई है। जो भी हो, लेकिन प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया तो कभी भी बड़े हादसे हो सकते हैं। इसलिए स्वयं सावधान रहने की जरूरत है। क्योंकि एक नहीं बल्कि तमाम स्थानों पर सड़कें धस चुकी है। बता दें कि पूर्व में कई बार धसी हुई सड़कों पर हादसा भी हो चुके हैं।
नदरई पुल का पिकनिक प्वाइंट
नदरई पुल पर बने पिकनिक प्वाइंट पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यहां लोग पहुंचते हैं और मौजमस्ती करते हैं। तामम वाहनों से पहुंचने वाले लोग यहां शाम ढलने तक आनंद लेते हैं, लेकिन यहां मुख्य प्वाइंट पर ही पुल की सड़क धस रही है। मिट्टी धस कर बह चुकी है। यहां ढली शाम में यदि जरा सी चुक हो गई तो बड़ा हादसा हो जाएगा।
गोरहा कैनाल बाईपास
कैनाल बाईपास पर कुछ साल पहले ही सड़क बनी है। यहां सड़क धस रही है। जगह- जगह गड्डे हो गए हैं और सड़क का काफी हिस्सा खोखला हो गया है। यहां से रात में तमाम भारी वाहन गुजरते हैं। नो एंट्री खुलने से पहले तक वाहनों का प्रवेश यहीं से होता है। कभी भारी वाहन से हादसा हो सकता है।
डिवाइडर भी बन रहे जानलेवा
लोक निर्माण विभाग ने वैसे तो कुछ क्षेत्रों में स्थाई डिवाइडर बनाए हैं, लेकिन सोरों गेट, बिलराम गेट, बस स्टैंड क्षेत्र में जाम से निपटने के लिए पत्थरों के स्थाई डिवाइडर बनवा दिए हैं जो उथल-पुथल हैं। रात के अंधेरे में यहां कभी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
लोक निर्माण विभाग की टीमें समय समय पर निगरानी करती रहती है जहां भी सड़क धसने का मामला संज्ञान में आता है तत्काल कार्य कराया जाता है-गुलवीर सिंह, अधिशासी अभियंता पीडब्लूडी
ये भी पढ़ें। कासगंज जिला ऑनलाइन आवेदनों के निस्तारण में प्रदेश में रहा अव्वल, डीएम ने अधिकारियों की थपथपाई पीठ
