Unnao News: संदिग्ध परिस्थितियों में मिला युवक का शव, हत्या का आरोप, पड़ोसी से पेड़ को लेकर हुआ था विवाद
उन्नाव में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला युवक का शव
उन्नाव, अमृत विचार। मौरावां थानाक्षेत्र के लच्छी खेड़ा गांव में एक युवक का शव खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। गर्दन पर निशान देख कर परिजनों ने गला दबा कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
परिजनों का आरोप है कि पड़ोसियों ने उसके पेड़ काट कर बेच लिये थे। जिसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी चल रही थी। सूचना पर पहुंचे सीओ ने सभी बिंदुओं पर जांच की है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
लच्छीखेड़ा निवासी जगदीश (36) पुत्र बुद्दीलाल लोधी रात में धान की नर्सरी देखने गया था। सुबह 4 बजे तक जब वह घर नही लौटा तो पिता बुद्दीलाल उसे खोजने निकले। इस दौरान खेत के पास जगदीश का शव पड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पत्नी सोनी का आरोप है कि उसके पति की गला दबाकर हत्या की गई है।
पड़ोसी से चिलवल के पेड़ को लेकर विवाद हुआ था। जिस पर उन्होंने जान से मारने की धमकी दी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
घटना के बाद मृतक का बेटा सुमित व बेटी प्रिया, पत्नी सोनी व माँ सुमेरकली का रो रो कर बुरा हाल है। इस बाबत इंस्पेक्टर चंद्रकांत सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्यवाई की जायेगी।
