मुरादाबाद: दशहरे पर जिला आठ जोन में, पुलिस-पीएसी तैनात
मुरादाबाद,अमृत विचार। बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में मनाए जाने वाले पर्व दशहरा को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। इस पर्व पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। जिले को आठ जोन व 20 सेक्टर में बांट दिया गया है। इसके अलावा महानगर को दो जोन, आठ सेक्टर और 26 …
मुरादाबाद,अमृत विचार। बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में मनाए जाने वाले पर्व दशहरा को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। इस पर्व पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। जिले को आठ जोन व 20 सेक्टर में बांट दिया गया है। इसके अलावा महानगर को दो जोन, आठ सेक्टर और 26 सब सेक्टर में भी बांटा है।
महानगर में अफसरों का पूरा फोकस लाइनपार और अगवानपुर क्षेत्र में होने वाले कार्यक्रमों पर है। सभी सेक्टरों में थाना पुलिस के अलावा पांच सौ अतिरिक्त पुलिस कर्मियों के साथ ही एक कंपनी पीएसी भी लगाई गई है, जबकि जिले के विभिन्न थानों में करीब पांच सौ अतिरिक्त पुलिस कर्मियों को भेजा गया है। भीड़ व मेले के हिसाब से डिमांड होने पर ऐन वक्त पर फोर्स की तैनाती में फेरबदल भी किया जा सकता है।
जिले में प्रमुख तहसीलों के अलावा महानगर में रामलीला के मंचन के साथ ही दशहरे पर रावण का पुतला फूंका जाता है। हालांकि इस दफा कोरोना के कारण मेले के आयोजन पर रोक है, रामलीला का मंचन तो किया जा रहा है लेकिन कोविड-19 के नियमानुसार। महानगर में लाइनपार, दीनदयाल नगर और लाजपतनगर में बड़े स्तर पर रामलीला का मंचन हो रहा है। रविवार को दशहरे के अवसर पर इन स्थानों पर रावण दहन भी होगा। इसके अलावा तहसीलों में भी रावण दहन होगा। जिसको लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा का प्लान तैयार कर लिया है।
छेड़खानी और चेन स्नेचिंग रोकने पर रहेगा फोकस
हालांकि रामलीला स्थल पर मेले के आयोजन पर रोक है, इसके बाद भी दशहरे पर इन स्थलों पर भीड़ बढ़ने की संभावना है। लिहाजा पूरे जिले को आठ जोन और 20 सेक्टर में बांट दिया गया है। अगवानपुर को तीन सेक्टर में अलग से बांटा गया है। महानगर में एक कंपनी पीएसी के अलावा पांच सौ अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं छेड़खानी और चेन स्नेचिंग की घटनाओं को रोकने के लिए इन स्थलों के आसपास पीआरवी भी लगातार गश्त करेगी। साथ ही सादी वर्दी में भी महिला पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।
एसपी सिटी अमित आनंद ने बताया कि सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। स्थलों के अलावा चौराहों पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था भी बनाए रखना पुलिस की जिम्मेदारी हैं। कमेटी के सदस्यों से बात कर व डिमांड के अनुसार फोर्स की तैनाती में फेरबदल भी किया जा सकता है।
