बदायूं जिला शिकायतों के निस्तारण में यूपी में लगातार 9वीं बार प्रथम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार। जन सुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) के प्रार्थना पत्रों के त्वरित और गुणवत्तापरक निस्तारण के मामले में शासन स्तर से जून महीने का मूल्यांकन किया गया। बदायूं पुलिस ने उत्तर प्रदेश देश में लगातार 9वीं बार पहला स्थान प्राप्त किया है। बदायूं के 14 थाने भी पूरे प्रदेश में पहले नंबर पर रहे हैं। 

आइजीआरएस मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट में से एक है। जिसके अंतर्गत आइजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाता है। हर महीने शासन स्तर से मूल्यांकन किया जाता है। इस बार भी उत्तर प्रदेश के 75 जिलों का जून महीने का 10 पैरामीटर पर मूल्यांकन करके रैंकिंग जारी की गई।

शिकायतों की मार्किंग और अग्रसरण में जिले को 10 अंक में से 10 अंक मिले। पिछले छह महीने में प्राप्त शिकायतों की औसतन संख्या 3097 रही। जून महीने में कोई भी डिफाल्टर नहीं हुआ। जिसके चलते 20 अंकों में से पूरे अंक मिले। फीडबैक के आधार पर 30 में से 30 अंक और महीने में शासन और उच्चाधिकारियों ने सी श्रेणी न देने पर 20 में से 20 अंक हासिल हुए।

मुख्यमंत्री कार्यालय से भी सी श्रेणी नहीं मिले तो 10 में शतप्रतिशत अंक मिले। इसी प्रकार रैंडम आधार पर श्रेणीकरण में 10 में 10, जनता दर्शन फीडिंग में 10 में 10 अंक, यूजर्स प्रोफाइल अपडेशन में 5 में से 5 अंक मिले। बदायूं जिले को 115 में से 115 अंक अर्जित हुए।

एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह, नोडल अधिकारी एसपी सिटी अमित किशोर श्रीवास्तव ने आइजीआरएस प्रभारी उपनिरीक्षक जितेंद्र सक्सेना और टीम की सराहना की। समस्याओं के निस्तारण में बदायूं के थाना बिनावर, कादरचौक, सहसवान, फैजगंज बेहटा, सिविल लाइन, वजीरगंज, उघैती, कोतवाली, इस्लामनगर, बिसौली, बिल्सी, उझानी, मूसाझाग और महिला संयुक्त रूप से प्रदेश में पहले नंबर पर रहे हैं।

संबंधित समाचार