लखीमपुर खीरी: उफनाई शारदा...पलिया में भीरा रोड पर चला बाढ़ का पानी, दो दिन के लिए नेशनल हाईवे बंद

Amrit Vichar Network
Published By Vivek Sagar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। लगातार बनबसा बैराज से शारदा नदी में छोड़े जा रहे पानी के बाद शारदा नदी के तेवर काफी कड़े हो गए हैं। शारदा के उफनाने से पलिया में भीरा रोड पर करीब डेढ़ फीट पानी चलने लगा है। इससे लोगों में अफरा-तफरी का माहौल है। शारदा खतरे के निशान के ऊपर बह रही है। पुलिस ने बढ़ते जलस्तर और खतरे को देखते हुए अगले दो दिन के लिए इस मार्ग पर आवागमन बंद कर दिया है।
 
पहाड़ों और मैदानी इलाकों में भारी बरसात से तराई की नदियां उफान मार रही हैं। शारदा-घाघरा के साथ भारत-नेपाल सीमा पर बह रही मोहाना नदी भी उफान पर है। उफनाई शारदा नदी पलिया, निघासन और फूलबेहड़ में तबाही मचानी शुरू कर दी है। पलिया नगर में अतरिया रेलवे क्रासिंग से लेकर बजाज हिंदुस्तान चीनी मिल भीरा मार्ग पर करीब डेढ़ से दो फीट पानी चलने लगा है। इससे नगर के लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। दो पहिया, चार पहिया वाहनों के साथ ही राहगीर भी जानजोखिम डालकर आ जा रहे हैं।

लोगों का कहना है कि जिस वेग से नदी का पानी बढ़ रहा है। उससे हालात और अधिक खराब होने की आशंका है। उधर मोहाना नदी की बाढ़ का पानी कोतवाली तिकुनियां के गांव गंगानगर, रननगर में भर गया है। कई रास्तों में तीन से चार फीट पानी चलने से आवागमन ठप है। यही हाल चंदनचौकी के कई गांवों का है।

इधर लगातार बनबसा बैराज से शारदा नदी में पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक पलिया विवेक उपाध्याय ने बताया कि तीन दिनों से हो रही अत्यधिक बारिश व बनबसा द्वारा पानी छोड़ने के कारण शारदा नदी अपने खतरे के निशान से ऊपर आ गई है। इस वजह से पलिया-भीरा नेशनल हाईवे 731 मार्ग पर बाढ़ के पानी का प्रवाह अधिक हो गया है। चीनी मिल के सामने पलिया-भीरा संपर्क मार्ग व रेल मार्ग पर यातायात जारी रखने से जान माल के खतरे की संभावना है।

इसको लेकर बस और ट्रक यूनियन से वार्ता करने के बाद पलिया-भीरा मार्ग पर यातायात सोमवार की सुबह 11 बजे से प्रतिबंधित किया गया है। पलिया से लखीमपुर आने जाने के लिए वैकल्पिक रूट पलिया से निघासन ढकेरवा होते हुवे महेवागंज डायवर्ट किया गया है। संपूर्णानगर थाना क्षेत्र के नानक सागर गुरुद्वारा सिद्ध नगर खजुरिया व सिद्ध बाबा प्राइमरी स्कूल के भीतर भी बाढ़ का पानी घुस गया है।

संबंधित समाचार