UP में हाइब्रिड कारें हुईं सस्ती, खरीददार को दो लाख रुपए तक की होगी बचत होगी
लखनऊ, अमृत विचार। राज्य सरकार ने पर्यावरण का ध्यान रखते हुए हाइब्रिड कारों की बिक्री को बढ़ावा देने के लिए ऐसी कारों पर लगने वाले पंजीकरण शुल्क को पूरी तरह से माफ कर दिया है। ऐसे में हाइब्रिड कार खरीदने पर कम से कम डेढ़ से दो लाख रुपए की बचत होगी। इस कदम से मारुति सुजुकी इंडिया, टोयोटा किर्लोस्कर मोटर और होंडा कार्स इंडिया जैसी कंपनियों को लाभ पहुंच सकता है, जो हाइब्रिड वाहन सेगमेंट में अपनी गाड़ियां बाजार में उतारती हैं।
इस संबध में परिवहन आयुक्त चंद्रभूषण सिंह ने अमृत विचार को जानकारी दी कि, हाइब्रिड कारों और प्लग इन हाइब्रिड कारों पर रजिस्ट्रेशन फीस को शत प्रतिशत माफ कर दिया गया है, जिसे तत्काल प्रभाव से प्रदेशभर में लागू कर दिया गया है। अब यूपी में खरीददार मारुति सुजुकी इनविक्टो और टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस पर तीन लाख रुपये से ज्यादा और मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा, टोयोटा अर्बन क्रूजर हाइराइडर और होंडा सिटी ई:एचईवी पर दो लाख रुपये से ज्यादा बचा सकते हैं।
दरअसल, शासन ने इस संबध में पांच जुलाई को ही एक सर्कुलर जारी कर दिया था। अब यह व्यवस्था पूरे राज्य में लागू है। परिवहन आयुक्त ने बताया कि प्रदेश में 10 लाख रुपए से कम कीमत वाले चार पहिया वाहन पर आठ प्रतिशत और 10 लाख रुपए और उससे ज्यादा कीमत वाली गाड़ियों पर 10 प्रतिशत रोड टैक्स लिया जाता है।
ये भी पढ़ें -चेकिंग अभियान: 11 स्कूल वाहन सीज, 21 के हुए चालान
