बहराइच: बिजली कटौती से नाराज लोगों ने जाम की सड़क, भीषण उमस में उठा रहे परेशानी
बहराइच, अमृत विचार। शहर में हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर मंगलवार रात को लोगों का सब्र जवाब दे गया। लोगों ने लखनऊ बहराइच मार्ग पर डीएम कार्यालय के निकट सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया, इससे सड़क के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। जाम लगने की जानकारी होने पर पुलिस ने वहां मौजूद लोगों को समझाया।
शहर क्षेत्र में गर्मी के बीच जमकर बिजली की कटौती हो रही है। शहर के हुजूरपुर रोड से लेकर माधव रेती, सूफीपुरा समेत अन्य मोहल्लों में 10 से 12 घंटे से लोगों को बिजली नहीं मिल रही है। कहीं ट्रांसफार्मर खराब है तो कहीं लाइन में खराबी के चलते बिजली आपूर्ति रोक दी गई है। अघोषित बिजली कटौती से शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को काफी परेशानी हो रही है। शहर के लोगों ने सिविल लाइन स्थित विद्युत उपकेंद्र का घेराव करते हुए सड़क जामकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। वाहनों की लंबी कतार लग गयी। जैसे ही सड़क जाम की सूचना कोतवाल नगर मनोज पांडेय को लगी तो उन्होंने मौके पर जाकर लोगों को समझाया।
.jpg)
इस दौरान नाराज लोगों ने बताया कि सुबह से बिजली की अघोषित कटौती की गई है और देर रात तक नहीं आई है। जिसपर कोतवाल नगर जेई के साथ खुद ही लाइन सही कराने माधव रेती पहुंच गए और इसकी सूचना कोतवाल देहात को भी दी। प्रदर्शन की सूचना पाते ही कई थानों की फोर्स भी मौके पर पहुंच गई। इस दौरान प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि विद्युत उपकेंद्र पर लगातार फोन किया जा रहा था मगर कोई भी फोन नहीं उठा रहा था।
ये भी पढ़ें -हरदोई के सभासद उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी की हार, निर्दलीय ने दर्ज की जीत
