सीएम योगी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को दी जन्मदिन की बधाई, एक्स पर किया पोस्ट

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचारः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को देश के रक्षा मंत्री तथा लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह को जन्मदिन की बधाई दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर लिखा, ''जनप्रिय राजनेता, भारतीय जनता पार्टी परिवार के वरिष्ठ सदस्य, माननीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के जन्मदिन पर उन्हें हार्दिक बधाई!'' मुख्यमंत्री ने आगे लिखा कि ‘‘प्रभु श्री राम की कृपा से आपको उत्तम स्वास्थ्य, सुदीर्घ एवं सुयश पूर्ण जीवन की प्राप्ति हो, यही प्रार्थना है।’’ 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का यह 73वां जन्मदिन है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सीएम योगी को धन्यवाद देते हुए लिखा कि आपका स्नेहपूर्ण शुभकामनाओं के लिए आभाग। 

उत्तर प्रदेश के रहने वाले राजनाथ सिंह ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की छात्र शाखा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्य के रूप में राजनीति की शुरुआत की थी। इसके बाद फिर भाजपा की युवा शाखा में शामिल हो गए। सिंह की छवि एक गैर-विवादास्पद नेता की है। चाहे सहयोगी दल हों या विपक्षी, पेचीदा मुद्दों पर आम सहमति बनाने के लिए वह अक्सर पार्टी की पसंद रहे हैं। वह वर्तमान में लोकसभा में लखनऊ संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं।

राजनाथ सिंह का राजनीतिक सफर
राजनाथ सिंह ने पहली बार 1 जून 2019 को रक्षा मंत्रालय का कार्यभार संभाला था। 1977-1980 और 2001-2003 में उत्तर प्रदेश विधानसभा के सदस्य रहे। इसके बाद 1991 से 1992 तक सांसद राजनाथ सिंह यूपी सरकार में शिक्षा मंत्री रहे। वहीं 1999 से 2000 तक केंद्रीय मंत्रिमंडल में भूतल परिवहन मंत्री भी रहे। इसके बाद 2000-2002 में इन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य संभाला। 2003 में राजनाथ सिंह ने केंद्रीय मंत्रिमंडल में कृषि मंत्री के रूप में कार्य किया। 1994 से 1999 तक में वे दो बार और फिर 2003 से 2008 में राज्यसभा के लिए चुने गए। 2009 में इन्हें 15वीं लोकसभा के लिए चुना गया। राजनाथ सिंह  27 मई 2014 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहले कार्यकाल में केंद्रीय मंत्रिमंडल में गृह मंत्री के रूप में शामिल हुए थे। इसके अलावा भी राजनाथ सिंह समय-समय पर विभिन्न कार्य संभालते रहते हैं। 

संबंधित समाचार