रायबरेली: पत्नी ने चाय बनाने से किया इनकार तो पति ने डाला खौलता पानी, मौत
रायबरेली। जनपद के गुरुबक्शगंज थाना क्षेत्र के कुटी गोपालदास मजरे कोरिहर गांव में गुरुवार की सुबह एक 68 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर उसके पति ने खौलता हुआ गर्म पानी डाल दिया जिसके कारण उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी लालगंज और फारेंसिक टीम ने मौके पर पहुँच कर साक्ष्य इकट्ठा किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के बेटे दयाशंकर द्वारा थानें में दी गई तहरीर के अनुसार बुधवार की दोपहर उसके पिता बसंतलाल का उसकी मां रामकली से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। गुरुवार की सुबह करीब 6 बजे उसकी मां रामकली खाना बनाने के लिए पानी खौला रही थी तभी पिता बसंतलाल ने चाय बनाने के लिए कहा।
मां ने चाय बनाने से मना कर दिया तो गुस्से में आकर पिता बसंतलाल ने माँ पर खौलता हुआ पानी डाल दिया जिससे वह बुरी तरह झुलश गई और इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी लालगंज अनिल कुमार सिंह और फारेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य इकट्ठा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पुत्र की तहरीर और घटना की जांच के उपरान्त पुलिस ने बसंतलाल के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर उसे जेल भेज दिया।
यह भी पढ़ें:-महाराष्ट्र विधान परिषद की 11 सीटों के लिए मतदान शुरू, संजय गायकवाड़ ने डाला पहला वोट
