दुल्हन के ब्यूटी पार्लर खर्च पर हुआ विवाद, दूल्हे ने कहे अपशब्द-लौट गई बारात
फतेहपुर, अमृत विचार। ब्यूटी पार्लर के खर्च को लेकर वर और वधू पक्ष के बीच विवाद हो गया। दूल्हे के अपशब्द बोलने पर नाराज दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया। दोनों पक्षों की सहमति के बाद बारात लौट गई।
बिन्दकी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मलवां थाना क्षेत्र के हिम्मतपुर गांव से जयसिंह की बारात पहुंची थी। बारातियों को नाश्ता कराया जा रहा था, दुल्हन भी ब्यूटी पार्लर से सजकर पहुंच गई। इस दौरान दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे के घरवालों से ब्यूटी पार्लर का खर्च मांगा, लेकिन उन लोगों ने खर्च देने से मना कर दिया। विवाद बढ़ने पर दूल्हे ने दुल्हन के घरवालों को अपशब्द बोलकर देख लेने की धमकी दी। इससे दुल्हन नाराज हो गई और उसने तत्काल शादी करने से इन्कार कर दिया।
दोनों पक्षों के बीच विवाद सुलझाने का काफी प्रयास किया गया, लेकिन दुल्हन शादी के लिए राजी नहीं हुई। पुलिस के पहुंचने पर दोनों पक्ष में समझौता हुआ। लड़का पक्ष लड़की पक्ष को शादी का खर्चा देने के लिए तैयार हुआ। इसके बाद बारात बिना दुल्हन के लौट गई। जोनिहां चौकी इंचार्ज कालिका प्रताप सिंह ने बताया कि किसी प्रकार की कोई तहरीर नहीं मिली है, पक्षों के बीच समझौता हुआ है।
ये भी पढ़ें -हिमाचल प्रदेश विधानसभा उपचुनाव: CM की पत्नी की जीत से बना एक नया रिकॉर्ड
