Unnao News: 13 सेमी बढ़ा गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से 34 सेमी दूर...घाट किनारे रहने वाले लोगों की बढ़ी धड़कनें
हरिद्वार, नरौरा और गंगा बैराज से छोड़ा गया पानी
उन्नाव, अमृत विचार। पश्चिम के बांधों से पानी छोड़े जाने के कारण पिछले एक सप्ताह से गंगा के जलस्तर में बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही थी, शुक्रवार को सुबह से शाम तक जलस्तर स्थिर रहा। जिसके बाद शनिवार को बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण गंगा का जलस्तर में एक बार फिर बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। जिससे शुक्लागंज की ओर गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से 34 सेमी दूर रह गया है। वहीं जलस्तर बढ़ने के कारण तटवर्ती इलाके के कई मोहल्ले जलमग्न हो गये हैं।
केन्द्रीय जल आयोग ने बताया कि शुक्रवार शाम पांच बजे गंगा का जलस्तर 111.530 मीटर मापा गया था। शनिवार सुबह बैराज बांध से 1 लाख 83 हजार 6 सौ 55 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इसके साथ ही बांध के अन्य गेट खोले गये। जिससे शुक्लागंज की ओर तेजी से पानी बढ़ा और शनिवार शाम पांच बजे जलस्तर 111.660 मीटर मापा गया। जो चेतावनी बिंदु 112 से 34 सेेंटीमीटर दूर है।
जलस्तर बढ़ने के कारण गोताखोर, सैय्यद कम्पांउंड, कर्बला, हुसैन नगर, चंपापुरवा, तेजीपुरवा, मनसुख खेड़ा के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी बाढ़ का पानी पहुंच गया है। वहीं पश्चिमी इलाकों के निचले क्षेत्रों में पानी भर गया है। जिससे आने जाने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं जिला प्रशासन की ओर से कुछ नावें लगाई गई है। जिससे यहां रहने वाले लोगों को आवागमन में मुसीबत उठानी पड़ रही है। वहीं कुछ लोग बाढ़ के पानी में जान खतरे में डालकर आ जा रहे हैं।
हरिद्वार, नरौरा और बैराज से यह छोड़ा गया पानी
बैराज बांध के पोस्ट रीडर गेज उत्तम पाल ने बताया कि शनिवार सुबह बैराज बांध से 1 लाख 83 हजार 6 सौ 55 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। जिसके बाद शाम चार बजे छोड़ा गया 2 लाख 60 हजार 1 सौ 60 पानी छोड़ा गया है। वहीं नरौरा बांध से 37 हजार 5 सौ 15 और हरिद्वार से 40 हजार 3 क्यूसेक पानी छोड़ गया है।
पानी भरने से 25 घरों का काटी बिजली
जेई अक्षय तिवारी ने बताया कि तटवर्ती इलाकों के कई घरों के आस पास बाढ़ का पानी भर गया है। सुरक्षा को देखते हुये तटवर्ती इलाकों के 25 घरों की बिजली काटी गई है। बिजली कटने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
ये भी पढ़ें- Unnao News: खुशी-खुशी में दोस्त ने पिलाई शराब...नशे में चूर होकर दूल्हे ने खो दिया सुध, बिन दुल्हन लौटी बारात
