सुलतानपुर के जयसिंहपुर ब्लाक कांग्रेस कमेटी ने दिया सामूहिक इस्तीफा, जिलाध्यक्ष पर लगे गंभीर आरोप
सुलतानपुर, अमृत विचार। जिले से जनाधार खो चुकी कांग्रेस अब वापसी कर ही रही थी, कि इसी बीच जयसिंहपुर ब्लाक कांग्रेस कमेटी के सदस्यों ने सामूहिक रूप से अपना इस्तीफा दे दिया है। सदस्यों ने अपना इस्तीफा प्रदेश अध्यक्ष को भेजा है। उन्होंने जिलाध्यक्ष पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। वहीं, इसके पहले भदैंया ब्लाक अध्यक्ष को अनुशासनहीनता के चलते पद से हटा दिया गया था।
जयसिंहपुर ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश ओझा ने जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा पर आरोप लगाया है। बताया कि बीते चार जुलाई को अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा का पंडित राम नरेश त्रिपाठी सभागार में स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जिसमें सभी ब्लाकों के पदाधिकारी के साथ कार्यकर्ता मौजूद थे, लेकिन किसी भी ब्लाक अध्यक्ष को सांसद के स्वागत के लिए नहीं बुलाया गया। इसकी पीड़ा उन्होंने पार्टी के आफिशियल व्हाट्सएप्प ग्रुप में जाहिर की जो जिलाध्यक्ष को नागवार गुजरा। जिलाध्यक्ष ने उपाध्यक्ष हर्ष नारायण मिश्रा को फोन कर ब्लाक अध्यक्ष बदलने की बात कही। जिस पर ब्लाक अध्यक्ष राजेश ओझा ने पदाधिकारियों से वार्ता कर सामूहिक रूप से इस्तीफा देकर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को भेजा है।
इस्तीफा भेजने वालों में राजेश ओझा के साथ जगलाल शुक्ल, एजाज, इफ्तेदार हुसैन, लक्ष्मी नारायण पांडेय, विजय कुमार पांडेय, जय कुमार पांडेय, राधेश्याम, केशरी कुमार मिश्र समेत दो दर्जन से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर किया है। जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने बताया कि उन्हें भी मीडिया के माध्यम से जानकारी हुई है। कुछ लोगों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सादे कागज पर बुलाकर हस्ताक्षर करा लिया गया है। हालांकि, जो कुछ भी मामला होगा बातचीत से उसे सुलझाया जाएगा।
ये भी पढ़ें -Amrit vichar impact: शहर में बने जर्जर मकान को ढहाया, कभी भी हो सकता था बड़ा हादसा
