Kanpur Dehat Crime: नहर पुल के नीचे महिला का मिला नग्न शव...दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका, दाहिना पैर भी मिला टूटा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात में नहर पुल के नीचे महिला का नग्न शव मिला

कानपुर देहात, अमृत विचार। जुरिया गांव के पास नहर में एक महिला का नग्नावस्था में सड़ा हुआ शव उतराता मिला। शव झींझक की तरफ से नहर से बहता हुआ आया था। प्रथम दुष्टया अनुमान लगाया जा रहा कि महिला के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव को फेंका गया। मृतका का दाहिना पैर भी टूटा हुआ था। पुलिस ने छानबीन शुरू की है।

मंगलपुर थानाक्षेत्र के जुरिया गांव स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया पीजी महाविद्यालय के सामने नहर पुल के नीचे नग्नावस्था में करीब तीस वर्षीय अज्ञात महिला का शव उतराता पाया गया। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी डायल 112 पर पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी थाना पुलिस को दी। 

जिस पर डेरापुर सीओ शिव ठाकुर, प्रभारी निरीक्षक मंगलपुर संजय कुमार गुप्ता व चौकी इंचार्ज झींझक अनुज अवस्थी मौके पर पहुंचे। उन्होंने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य संकलित कराएं। नहर में महिला का नग्नावस्था में शव मिलने पर लोग दुष्कर्म के बाद हत्या कर फेंके जाने की आशंका जाहिर करते रहे। 

महिला का दाहिना पैर भी टूटा हुआ था और शव काफी सड़ चुका था। थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि शव को नहर से बाहर निकलवा कर पहचान के प्रयास किए गए हैं, लेकिन पहचान नहीं हो सकी है। शव करीब आठ दिन पुराना प्रतीत हो रहा था। फिलहाल शव को मोर्च्युरी में रखवाकर शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें- कानपुर की इस घटना से लोगों ने पकड़ा माथा: दो दिन पहले मां की मौत...आज बेटे ने भी छोड़ी दुनिया, बेटी अस्पताल में लड़ रही जिंदगी की जंग

 

संबंधित समाचार