बहराइच: ट्रांसफार्मर के पास बॉक्स में मिला युवक का शव, दो दिन पहले घर से हुआ था लापता
बहराइच, अमृत विचार। कोतवाली देहात के हुजूरपुर रोड स्थित एक ट्रांसफार्मर के निकट बिजली के बॉक्स में एक युवक का सड़ा-गला शव बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वह बॉक्स में कैसे पहुंचा, इसकी वजह नहीं पता चल सकी है।
कोतवाली देहात के सूफीपुरा मोहल्ला निवासी अनवर (32) पुत्र अशफाक दो दिन से घर से लापता था। परिवार के लोग उसकी खोजबीन कर रहे थे। वहीं रविवार दोपहर में बिजली विभाग के कर्मचारी हुजूरपुर रोड स्थित बालिका विहान विद्यालय के सामने लगे बॉक्स में फाल्ट दुरुस्त करने के लिए पहुंचे, तभी उन्हें सड़ांध महसूस हुई। कर्मचारियों ने बॉक्स खोलकर देखा तो उसमें एक युवक का शव मिला। इसकी सूचना कर्मचारियों ने कोतवाली देहात पुलिस को दी। कोतवाली देहात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बॉक्स से शव को बाहर निकलवाया। आसपास के लोगों ने मृतक की पहचान अनवर के रूप में की। शव मिलने की सूचना परिवार के लोगों को दी गई।
कोतवाल बीके मिश्रा ने बताया कि बिजली विभाग और परिवार के लोगों की तहरीर पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक नशे का आदी था, हालांकि बिजली के बॉक्स में वह कैसे पहुंचा, यह सवाल बना हुआ है। पुलिस के अनुसार करंट लगने से अनवर की मौत हुई है।
ये भी पढ़ें -AIMPLB ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का किया विरोध, कहा-मुसलमान शरीयत से हैं पाबंद
