लखीमपुर खीरी: 40 CCTV कैमरे खंगाले...तब पुलिस के हत्थे चढ़े दो शातिर लुटेरे, लूटने का अंदाज कर देगा हैरान
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। कोतवाली मोहम्मदी पुलिस ने अंतर्राज्यीय गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर हाल ही में लूट-चोरी की हुईं छह वारदातों का सोमवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट-चोरी के दो लाख पंद्रह हजार रुपये, घटना में प्रयुक्त बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किया है। एसपी ने बदमाशों को गिरफ्तार करने वाली टीम को 25 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की।
प्रभारी निरीक्षक चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि एसआई बाबूराम ने मुखबिर की सूचना पर गोमती पुल के पास से मनोज कुमार उर्फ राहुल निवासी करवल कालोनी कस्बा व थाना मुंडेरवा जनपद बस्ती हाल व किशोर पुत्र गनेश ग्वाला निवासी रौहतरा थाना रौहतरा जिला कटिहार बिहार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों वर्तमान समय में कोतवाली व थाना गोला की भटपुरवा कॉलोनी में रह रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त की जाने वाली बाइक, 2,15,000 की नगदी, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने लूट की घटना के अनावरण के लिए करीब 40 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज बैंक से लिए थे। इसके अलावा आने जाने वाले रास्तों पर लगे कैमरों को भी खंगाला गया था, जिसमें कई स्थानों से गिरफ्तार दोनों बदमाशों के फुटेज प्राप्त हुए थे। शक होने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों की जब जानकारी जुटाई तो शातिर लुटेरे निकले।
इस तरह से घटना को देते थे अंजाम
प्रभारी निरीक्षक चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी बैंकों में जाकर ऐसे वृद्ध, कमजोर व्यक्ति को चिन्हित करते थे, जो रुपये निकाल रहा हो। बैंक में घुसते समय हमेशा इनमे से एक के पास कोई न कोई एक थैला रहता था, जिसमें पासबुक रखी रहती थी। ताकि जरूरत पड़ने पर यह बता सकें की हम रुपये निकालने आये हैं। रुपये लेकर जैसे ही व्यक्ति आगे चलते थे। आरोपी उनका पीछा कर लेते।
अगर व्यक्ति रुपये बाइक या स्कूटी की डिग्गी में रखता था तो आरोपी मौका मिलते ही डिग्गी तोड़कर रुपये निकाल लेते थे। अगर चिन्हित व्यक्ति नहीं रुका तो उससे छीन लेते थे। पुलिस के मुताबिक आरोपी मनोज हमेशा बाइक चलाता। किशोर पीछे बैठकर रुपये छीनने का काम करता था। आरोपी मनोज कभी भी अपने साथ मोबाइल नहीं रखता है।
मनोज के खिलाफ इन जिलों में दर्ज हैं 31 मामले
मनोज के खिलाफ बहराइच, कुशीनगर, बस्ती, अयोध्या, बनारस, मऊ, बरेली आदि में लगभग 31 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह थाना मुंडेरवा जनपद बस्ती का हिस्ट्रीशीटर भी है। आरोपी की मां के खिलाफ भी गैंगस्टर आदि के कई मुकदमे पंजीकृत हैं। दूसरा आरोपी किशोर भी शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ बिहार के कटिहार व बेतिया जिले में कई मामले पंजीकृत हैं और वह सजायाफ्ता भी है।
ये भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: प्राचीन कुएं पर ताजिया रखने को लेकर विवाद, हिंदू संगठनों ने उठाई कार्रवाई की मांग
