अलीगढ़ में बेटे ने मां को थाने के अंदर लगाई आग, हालत गंभीर
अलीगढ़, अमृत विचार। जिले में एक बड़ी घटना हुई है, जिसमें एक बेटे ने थाने के अंदर अपनी मां को आग लगा दी। लपटों में घिरी महिला चीखती रही, इस बीच पुलिसकर्मियों ने बड़ी मुश्किल से आग बुझाई। इसका एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। सूत्रों के अनुसार महिला की हालत गंभीर है, उसे अलीगढ़ जिला अस्पताल ले जाया गया है।
ये पूरा मामला जिले के खैर थाने का है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को दो पक्षों के बीच पारिवारिक विवाद का निस्तारण पुलिस की मौजूदगी में कराया जा रहा था। इसी बीच महिला का अपने बेटे से विवाद हो गया। नाराज बेटे ने वहीं मां को आग लगा दी। इससे पहले कि पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते महिला तेज लपटों में घिर गई और बुरी तरह चीखने लगी। आनन-फानन में वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने कम्बल और बालू की मदद से बमुश्किल आग बुझाई। इस बड़ी घटना को लेकर पुलिस के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरी स्थिति को समझा। बताया जा रहा है कि महिला की तरफ से एक मामले को लेकर पुलिस को प्रार्थनापत्र दिया गया था, जिसकी विवेचना की जा रही है। इस घटना को अंजाम देने वाले महिला के बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
ये भी पढ़ें - कर्नाटक में भूस्खलन से एक ही परिवार के 5 लोगों समेत 7 की मौत की आशंका, बचाव कार्य जारी
