रायबरेली: ग्राम प्रधान को लाठी से पीटकर किया घायल, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
खीरों/रायबरेली, अमृत विचार। थाना क्षेत्र खीरों में दबंगों के हौसले बुलंद हैं। ग्राम पंचायत देवगांव में मंगलवार को रात लगभग 11 बजे एक दबंग युवक ने दलित ग्राम प्रधान को लाठियों से पीटकर गम्भीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित ग्राम प्रधान ने खीरों थानाध्यक्ष को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। प्रधान का आरोप है कि पुलिस ने इसपर अभी तक कोई एक्शन नहीं लिया है।
ग्राम पंचायत देवगांव के ग्राम प्रधान अशोक कुमार कुरील पुत्र बुद्धीलाल ने थानाध्यक्ष खीरों को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि मंगलवार की रात को उनके पड़ोसी गांव मझिगवा में बारात आई थी। रात लगभग 11 बजे तीन बराती वापस जा रहे थे। तभी देवगांव निवासी आदर्श पाण्डेय ने चोर समझकर वापस जा रहे तीनों बरातियों को रोक लिया और उनके साथ मारपीट करने लगे। ग्राम प्रधान अशोक कुमार कुरील ने पहुंचकर वास्तविकता को समझा और बीच बचाव किया। इससे नाराज होकर आदर्श पाण्डेय ने उनको जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अपशब्द कहना शुरू कर दिया । विरोध करने पर युवक ने ग्राम प्रधान को लाठियों से पीटकर गम्भीर रूप से घायल कर दिया।
ग्रामीणों ने बीच बचाव किया तो जान से मारने की धमकी भी युवक ने दी। वहीं थानाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह भदौरिया ने बताया कि घटना को लेकर किसी भी तरह का शिकायती पत्र नहीं मिला है।
ये भी पढ़ें -प्रदेश में सपा के गुंडाराज की वापसी असंभव है.., केशव मौर्य का अखिलेश यादव पर पलटवार
