सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों-विश्वविद्यालयों में रेडक्रॉस की स्थापना होगी, राज्यपाल ने दिया अधिकारियों को निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार। प्रदेश में जल्द ही सरकारी व निजी मेडिकल कॉलेजों व विश्वविद्यालयों में रेडक्रॉस की स्थापना होगी। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अधिकारियों को इसे सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये। राज्यपाल मंगलवार को राजभवन में इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी उत्तर प्रदेश राज्य शाखा की वार्षिक सामान्य बैठक को संबोधित कर रही थीं। इस मौके पर रेड क्रॉस समिति के सदस्यता अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलाधिकारी समेत संस्थाएं व सदस्य सम्मानित किये गये।

जिलाधिकारी पीलीभीत पुलकित खरे, जिलाधिकारी बहराइच दिनेश चंद्र, जिलाधिकारी बुलंदशहर चंद्र प्रकाश सिंह, जिलाधिकारी मेरठ दीपक मीणा के प्रतिनिधि के तौर पर मुख्य विकास अधिकारी मेरठ, जिला अधिकारी वाराणसी कौशल राज शर्मा के प्रतिनिधि के तौर पर डॉक्टर अजय कुमार, जिलाधिकारी गोंडा डॉ उज्जवल कुमार, जिलाधिकारी गाजीपुर मंगला प्रसाद सिंह के प्रतिनिधि के तौर पर डॉ संजय त्रिपाठी, जिलाधिकारी आजमगढ़ विशाल भारद्वाज आदि शामिल रहे। इसके साथ-साथ उत्कृष्ट सेवा पदक के लिए जिलाधिकारी बागपत जितेंद्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी बलिया रविंद्र कुमार, जिलाधिकारी श्रावस्ती नेहा प्रकाश, जिलाधिकारी जौनपुर रविंद्र कुमार मंदार, तत्कालीन जिलाधिकारी देवरिया अखंड प्रताप सिंह को सम्मानित किया गया।

गर्भवती महिलाओं को संस्थागत डिलीवरी के लिए किया जाय जागरूक

इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि गर्भवती महिलाओं को शत-प्रतिशत संस्थागत डिलीवरी के लिए जागरूक किया जाय। आपदा की स्थिति में रेड क्रॉस सोसायटी को प्रभावित गांवों तक अग्रिम सहायता व आवश्यक राशन सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित कराना चाहिए, ताकि आपदा पीड़ितों तक ससमय सहायता पहुंच सके। शिविरों में ज्यादा से ज्यादा यूनिट रक्तदान के लिए लोगों को प्रेरित कर जागरूकता का प्रसार किया जाय। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय व महाविद्यालयों में रक्तदान के लिए जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाय।

सभी जिलों में बढ़ाई जाय सदस्यता-ब्रजेश पाठक

उप मुख्यमंत्री व रेड क्रॉस राज्य शाखा उत्तर प्रदेश के सभापति ब्रजेश पाठक ने कहा कि सभी जिलों में संस्था की सक्रियता के साथ-साथ सदस्यता बढ़ायी जाय। उन्होंने कहा कि संस्था की ओर से आपदा व सामान्य स्थिति में मदद पहुंचाने के साथ-साथ तत्परता से प्रभावी कार्य किया जा रहा है। 64 जिलों में रेड क्रॉस समिति का गठन हो चुका है।

ब्लड बैंक का शिलान्यास

कार्यक्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से स्कूली बच्चों के लिए 100 सेट पुस्तक राज्यपाल को दिये गए। राज्यपाल ने बटन दबाकर रेड क्रॉस के ब्लड बैंक का शिलान्यास किया गया व उत्तर प्रदेश में ‘रेड क्रॉस के बढ़ते कदम‘ पुस्तिका का विमोचन किया। कार्यक्रम के दौरान रेड क्रॉस संस्था के विविध कार्यों में संलिप्त सक्रिय संस्थाओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट सेवा पदक के लिए रेड क्रॉस के विभिन्न जिलों के 28 सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।

यह भी पढ़ेः ई-ऑफिस प्रणाली में होगा विकास भवन में काम, ब्लॉकों से लेकर मुख्यालय तक डिजिटल होगा पत्राचार

संबंधित समाचार