बाराबंकी: लखनऊ बस सेवा का संचालन ठप, यात्री परेशान
हैदरगढ़/ बाराबंकी, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के अधिकारियों की लापरवाही के चलते हैदरगढ़ से कैसरबाग के लिए चलने वाली बस सेवाओं का संचालन पूरी तरह से ठप हो चुका है। जिसकी वजह से यात्रियों को आवागमन में कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। विभाग इस मार्ग पर राजस्व घाटा दिखाकर बसों के संचालन में आनाकानी कर रहा है। वहीं क्षेत्रवासियों के सुख दुःख में शामिल रहने के लिए जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों का रवैया भी इसको लेकर गम्भीर नही है।
हैदरगढ़ भिटरिया मार्ग पर स्थित हैदरगढ़ बस स्टेशन से एक अरसे पहले उपनगरीय डिपो की एक दर्जन बस सेवाओं के माध्यम से आवागमन करने वाले यात्रियों को कैसरबाग तक यात्रा की सुविधा दी जाती थी। हर आधे घंटे पर चलने वाली बसों को सवारियां भी भरपूर मिलती थी, लेकिन फिर धीरे-धीरे विभाग का इस मार्ग पर बसों के संचालन से मोहभंग हो गया और आज हालात यह है कि पिछले एक माह से कैसरबाग के लिए एक भी बस सेवा संचालित नहीं हो रही है। जिससे यहाँ बस की उम्मीद में आने वाले यात्री निराश होकर लौटने को विवश हैं। गुरुवार को यहां कैसरबाग जाने के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय से अपनी शिक्षिका के साथ आयी कक्षा 9 की दर्जनों छात्राओं के अलावा उच्च न्यायालय, लोहिया अस्पताल के लिए जाने वाली सवारियों को वापस जाना पड़ा। उक्त छात्राएं खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए जा रही थी।
ये भी पढ़ें -Gonda train accident: यूपी, बिहार सहित कई राज्यों में रेलवे ने जारी किये 35 हेल्पलाइन नंबर
