संभल: 24 साल बाद घर लौटा ग्रामीण तो परिवार में छाई खुशियां, मां बोली- नहीं थी बेटे के आने की उम्मीद
बहजोई(संभल), अमृत विचार। घर से निकालने के बाद लापता हुआ ग्रामीण 24 साल बाद घर वापस लौटा तो परिजनों की आंखों में आंसू छलक आए। वापस आने की आस खो चुके ग्रामीण को देखकर हर कोई अचंभित था। वापस आने की खुशी में परिजनों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। मां बोली नहीं थी बेटे के आने की उम्मीद। पत्नी की आंखें भी हो गई थी नम।
बहजोई के गांव परतापुर निवासी छोटेलाल 24 वर्ष पहले अपने घर से काम करने के लिए निकला था। काम करने वह ऐसा गया कि वह फिर लौट कर घर नहीं आया। परिजनों ने रिश्तेदारी तथा अन्य स्थानों पर बहुत तलाश की लेकिन छोटेलाल का कहीं पता नहीं चला। सालों साल जब छोटेलाल वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसके आने की आस तक छोड़ दी थी। अचानक राजस्थान के उदयपुर के अपना घर अनाथ आश्रम से बेटे राजेंद्र पर एक फोन आया कि छोटेलाल अपने घर वृद्ध आश्रम में है। यह फोन सुनकर परिजनों को अचंभा लगा। वह इस बात पर यकीन नहीं कर पा रहे थे। तब अपना घर संचालक ने छोटेलाल का फोन पर फोटो भेजा। फोटो देखकर परिवार के लोगों ने छोटेलाल को पहचान लिया। उदयपुर के अपना घर पहुंचे जहां से छोटेलाल को वापस ले आए।
मां-बहन की आंखों में छलके आंसू, पत्नी भी खुशी से झूमी
बहजोई। राजस्थान उदयपुर के अपना घर से बेटा राजेंद्र जैसे ही घर पर छोटेलाल को लेकर पहुंचा तो मां किशोरी व बहन भगवती की आंखें मारे खुशी के छलक आईं। मां बोली कि उसे तो उम्मीद ही नहीं थी कि उसका बेटा वापस भी आएगा। बहन भगवती बोली कि भाई के लौटने की उसे बहुत खुशी है। रोते-रोते बोली कि इस बार अपने भाई के हाथों में राखी बांध पाएगी। पत्नी ने जैसे ही पति पहुंचा तो उसे गले लगा लिया।
होटल मालिक ने 24 वर्ष बंधुआ मजदूर बनाकर रखा
काम करने निकले छोटेलाल एक ट्रेन में बैठकर राजस्थान के लिए चले गए थे। जहां पर वह एक होटल मालिक के चंगुल में फंस गए। 24 वर्ष तक केवल रोटी खिलाकर होटल मालिक ने बंधुआ मजदूर बनाकर बिना मजदूरी दिये उससे काम कराया। छोटेलाल पर एक एनजीओ की नजर पड़ गई। उन्होंने छोटेलाल को होटल संचालक के चंगुल से निकाला और वह अपना घर वृद्ध आश्रम पर ले गए। जहां पर 2 महीने बाद पूछताछ करने पर छोटेलाल ने अपना गांव नाम बताया तब कहीं जाकर उन्होंने परिजनों को बुलाया।
ये भी पढ़ें- Sambhal News : धर्मांतरण के ऐलान पर तौकीर रजा के खिलाफ भड़के शिवसेना कार्यकर्ता, कलेक्ट्रेट में किया प्रदर्शन
