मुरादाबाद : मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम संचालन को मिले 25 लाख रुपये, सीएचसी पर होंगी कार्यशाला
खुले संवाद से संचालित होंगे कार्यक्रम, टेक द मोमेंट की थीम पर होंगे मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम संचालित करने की योजना बन रही है। इसे सफल बनाने को जिले को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से 25 लाख रुपये भी मिल गए हैं। इसके अंतर्गत अब राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत विभिन्न स्तर पर आयोजन होंगे।
दरअसल, आजकल भागदौड़ की जिंदगी में अधिकांश लोग मानसिक रूप से परेशान ही नजर आते हैं। हालांकि ऐसे बहुत से कारक हैं, जो हमारे मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करते हैं। मानसिक अस्वस्थता में मनोदशा, चिंता, व्यक्तित्व और मनोवैज्ञानिक विकार भी होते हैं। लेकिन, जागरूकता बढ़ने से मानसिक बीमारी और उपचार की मांग से जुड़े भेदभाव में कमी आती है। उपचार के बिना, मानसिक स्वास्थ्य विकार संकट के बिंदु तक पहुंच सकते हैं।
नोडल अधिकारी डॉ. भारत भूषण बताते हैं कि मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम संचालित हाेने हैं और इन कार्यक्रमाें की थीम टेक द मोमेंट रखी गई है। मानसिक बीमारी पर राष्ट्रीय गठबंधन टेक द मोमेंट अभियान खुले संवाद को बढ़ावा देगा। साथ ही सहानुभूति और समझ विकसित करेगा। मानसिक स्वास्थ्य की दिशा में व्यक्तियों और परिवारों को समर्थन देने के लिए संसाधनों को साझा करने के लिए प्रोत्साहित भी करेगा। वैसे मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विशेषज्ञों का यह भी कहना है कि मानसिक स्वास्थ्य में हमारी भावनात्मक, मनोवैज्ञानिक और सामाजिक भलाई शामिल है।
यह इस बात को प्रभावित करता है कि हम कैसे सोचते हैं, महसूस करते हैं और कार्य करते हैं। यह यह निर्धारित करने में भी मदद करता है कि हम तनाव को कैसे संभालते हैं, दूसरों से कैसे संबंध बनाते हैं और स्वस्थ विकल्प कैसे चुनते हैं। अक्सर, मानसिक स्वास्थ्य और मानसिक फिटनेस के बारे में गलत धारणाओं के कारण, लोग अक्सर चुपचाप पीड़ित होते हैं और उनकी स्थिति का इलाज नहीं हो पाता है। ऐसे में लोग जीवन के साथ गलत कदम उठा लेते हैं।
बचपन से ही मानसिक बीमार को रोकें
साझेदारों के साथ संबंधों को मजबूत बनाने, सहायता नेटवर्क बनाने, सकारात्मक गतिविधियों को बढ़ाने और बच्चों में लचीलापन बढ़ाने में मदद करें। नशीली दवाओं और शराब से दूर रहने में सहायता करें।
मिशन निदेशक ने निर्धारित किए हैं खर्चे
पीएचसी के चिकित्सा अधिकारियों, नर्स, पैरामेडिकल व अन्य स्वास्थ्य कर्मियों का प्रशिक्षण और स्कूल, कॉलेज व अन्य कार्यस्थलों जैसे सामुदायिक स्तर पर गतिविधियों के लिए धनराशि प्राप्त हो गई है। इन कार्यक्रमों के लिए 17.10 लाख रुपये मिले हैं। इसी तरह सीएचसी पर वार्षिक वृहद शिविर, मानसिक स्वास्थ्य दिवस, विद्यालय कार्यक्रम व अन्य गतिविधियों के लिए अलग से कुल आठ लाख रुपये मिले हैं। खर्च भी निर्धारित किया गया है। मिशन निदेशक ने कहा है कि 4 लाख रुपये का खर्च सीएचसी पर वार्षिक वृहद शिविर में किया जा सकेगा। विद्यालयों के कार्यक्रमों के लिए अधिकतम 2.40 लाख रुपये का व्यय होगा। आवंटित धनराशि का खर्च जिला स्वास्थ्य समिति करेगी।
राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत एनएचएम के तहत जिले को धनराशि प्राप्त हुई है। अब सीएचसी-पीएचसी स्तर तक कार्यक्रमों के आयोजन की रूपरेखा बनाने को बैठक की जाएगी। इसके बाद कार्यक्रमों का संचालन किया जाएगा। -डॉ. भारत भूषण, एसीएमओ/नोडल अधिकारी
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : स्मार्ट सिटी में वेंडिंग जोन तैयार, फिर भी फुटपाथ लग रही दुकानें
