चोरी की वारदात : समीक्षा अधिकारी समेत दो लोगों के घरों से पार की ज्वैलरी
लखनऊ, अमृत विचार। महानगर कोतवाली अंतर्गत बादशाहनगर न्यू कॉलोनी में चोरों ने सेंध लगा महिला समीक्षा अधिकारी के घर से लाखों की ज्वैलरी पार कर दी। इसके अलावा विकासनगर में भी चोरों ने वारदात को अन्जाम दिया है। फिलहाल, पीड़ितों की लिखित शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
महानगर प्रभारी निरीक्षक अखिलेश मिश्र के मुताबिक, बादशाहनगर न्यू कॉलोनी निवासी समीक्षा अधिकारी शिल्पी गेरा गत 12 जुलाई को उत्तराखंड गई थी। वापस आने पर उन्हें घर में हुई चोरी का पता चला। लिखित शिकायत में समीक्षा अधिकारी ने बताया कि चोरों ने उनके घर से लाखों की ज्वैलरी, 25 हजार की नकदी और रोजमर्रा का सामान पार कर दिया। समीक्षा अधिकारी ने पहली मंजिल पर निवास करने वाले एक परिवार पर आरोप लगाया है, जो काफी दिनों से स्कूटी खड़ी करने को लेकर विवाद कर रहे थे। पीड़िता का कहना है कि पड़ोसी पूर्व में भी कई बार शू रैक तोड़ चुके हैं। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि समीक्षा अधिकारी की लिखित शिकायत पर सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
इसके अलावा विकासनगर के रहने वाले राजेश गर्ग के घर पर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। लिखित शिकायत में पीड़ित ने बताया कि उनकी पत्नी आरती गर्ग देहरादून में भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण संस्थान में कार्यरत हैं। इसके चलते राजेश भी देहरादून में रहते हैं। पीड़ित के मुताबिक सुरक्षा के लिए उन्होंने घर में सीसी कैमरे लगवाए हैं। उसकी फुटेज चेक करने पर कमरे का ताला टूटा होने का पता चला। एक व्यक्ति भी घर में नजर आया, जो एक चादर उठा कर चला गया। इसके अलावा कीमती सामान चोरी नहीं हुआ।
यह भी पढ़ें- लखनऊ : सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी पर बंदर को गोली मारने का आरोप
